- प्रथम वर्ष की फीस भरने का आज अंतिम दिन, पीजी के लिए आज से कोर्स और सीटें पोर्टल पर दर्ज करेंगे कॉलेज प्रबंधन
माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। कॉलेजों में स्नातक प्रथम वर्ष के साथ-साथ उच्चतर शिक्षा निदेशालय ने स्नातक द्वितीय और अंतिम वर्ष के दाखिलों की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है। सोमवार को कई विद्यार्थियों ने फीस जमा कराकर द्वितीय और अंतिम वर्ष के दाखिले की प्रक्रिया को पूरा किया। दाखिले के लिए प्रक्रिया 30 जुलाई तक चलेगी।
इसके अलावा प्रथम वर्ष स्नातक के पहले चरण की दाखिला प्रक्रिया में फीस जमा कराने का मंगलवार अंतिम दिन है। निर्धारित शेड्यूल के अनुसार, पहली मेरिट लिस्ट के विद्यार्थी नौ जुलाई की शाम पांच बजे तक ही फीस जमा करा सके हैं। इसके बाद 10 जुलाई से दाखिले का दूसरा चरण शुरू होगा।
वहीं पीजी की दाखिला प्रक्रिया भी इसके साथ ही शुरू की जा रही है। मंगलवार को उच्चतर शिक्षा निदेशालय की ओर से पीजी के दाखिलों के लिए भी पोर्टल खोला जाएगा। शुरुआत में 11 जुलाई तक केवल कॉलेज प्रबंधन की ओर से पीजी के कोर्स, सीटें और फीस आदि की जानकारी पोर्टल पर दर्ज की जाएगी। इसके बाद 12 जुलाई से आवेदन के लिए पोर्टल खोला जाएगा।
जिले के 19 कॉलेजों में दाखिले की प्रक्रिया चल रही है। स्नातक की प्रथम वर्ष में 12405 सीटें हैं, सीटों से करीब दो गुने तक आवेदन आए हैं। 30 जुलाई तक कुल तीन चरणों में कॉलेजों की दाखिला प्रक्रिया चलेगी। इसी तरह पीजी कोर्स केवल 11 कॉलेजों में ही है, इनकी भी सरकारी, एडेड और सेल्फ फाइनेंस मिलाकर कुल 2259 सीट हैं। ब्यूरो
पहली अगस्त से लगेगा विलंब शुल्क
स्नातक द्वितीय वर्ष में 30 जुलाई तक विद्यार्थी बिना किसी लेट फीस के दाखिला ले सकते हैं। जबकि इसके बाद दाखिला लेने पर विद्यार्थियों को लेट फीस का भुगतान करना होगा। लेट फीस को लेकर भी विभाग की ओर से दो अवधि रखी गई हैं। एक अगस्त से लेकर सात अगस्त तक 100 रुपये लेट फीस लगेगी। जबकि इसके बाद 14 अगस्त तक दाखिला लेने पर फीस के साथ 100 रुपये लेट फीस और इससे अलग प्रतिदिन के हिसाब से 100 रुपये लेट फीस अलग से लगेगी।
पीजी : पहले चरण में मेरिट और दूसरे में होगी ओपन काउंसलिंग
पीजी में दाखिले के लिए विद्यार्थी 12 जुलाई से पोर्टल पर दाखिले के लिए आवेदन कर सकते हैं। इस बार दाखिले के लिए पहले चरण में ही मेरिट लिस्ट जारी होगी। जबकि दूसरे चरण में ओपन काउंसलिंग के तहत ही दाखिले किए जाएंगे। आवेदन करने के लिए विद्यार्थियों को 14 दिनों का समय दिया गया है, 25 जुलाई तक आवेदन प्रक्रिया चलेगी। जबकि 30 जुलाई को पहली मेरिट लिस्ट जारी होगी। इसमें जिन विद्यार्थियों का नाम आएगा वे दो अगस्त तक फीस जमा कराकर दाखिला ले सकेंगे।
इस तरह चलेगी पीजी की दाखिला प्रक्रिया
- 09 से 11 जुलाई तक : कॉलेज पोर्टल पर कोर्स, विषय, फीस और सीटों का विवरण देंगे।
- 12 से 25 जुलाई तक : पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन फार्म भरेंगे।
- 12 से 25 जुलाई तक : आवेदन फार्म में संशोधन कर सकेंगे। (ओटीपी आधारित)
- 15 से 27 जुलाई तक : कॉलेजों की ओर से ऑनलाइन दस्तावेजों का सत्यापन किया जाएगा।
- 30 जुलाई से 23 अगस्त तक : दो चरणों में काउंसलिंग होगी।
स्नातक प्रथम वर्ष की फीस जमा कराने के लिए मंगलवार अंतिम दिन है। इसके बाद दूसरा चरण शुरू होगा। विद्यार्थी ऑनलाइन प्रक्रिया में स्वयं भी फीस जमा करा सकते हैं।
- डॉ. सुभाष जागलान, दाखिला नोडल अधिकारी, राजकीय पीजी कॉलेज