फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जश हत्याकांड: मामले में सास-बहू भी गिरफ्तार, मनोचिकित्सकों का सामना करेगी आरोपी अंजली, होगी काउंसलिंग

Thu, 14 Apr 2022 02:32 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, इंद्री, करनाल (हरियाणा)

सार

आरोपी चाची अंजली दो दिन के और रिमांड पर है। वहीं अपनी छत से दूसरे की छत पर शव फेंकने के आरोप में सास बहू को भी गिरफ्तार किया गया है।
विज्ञापन
जस का फाइल फोटो। मामले में पुलिस द्वारा पकड़ी गई आरोपी जस की चाची (मास्क लागाए हुए) को कोर्ट में पेश करती पुलिस। - फोटो : अमर उजाला (फाइल फोटो)
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

हरियाणा के करनाल में कमालपुर रोडान में चार वर्षीय जश चौधरी की हत्या के मामले में अब मनो चिकित्सकों का बोर्ड आरोपी अंजली की काउंसलिंग करेगा। चिकित्सकों का बोर्ड उसकी मेडिकल रिपोर्ट भी देखेगा। इसमें यह पता लगाया जाएगा कि वारदात के दौरान अंजलि के दिमाग में क्या चल रहा था और उसकी मनोदशा कैसी थी। इसके लिए पुलिस ने आरोपी अंजली को दोबारा दो दिन के रिमांड पर लिया है। 

विज्ञापन


आरोपी अंजली तीन दिन के रिमांड पर थी। उसे बुधवार को दोबारा इंद्री कोर्ट में पेश कर दो दिन का रिमांड लिया गया है। वहीं, पुलिस ने इस मामले में दो और महिलाओं को गिरफ्तार किया है जो रिश्ते में जश की ताई और दादी लगती हैं। उन्हें वीरवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा। 

यह है पूरा मामला
पुलिस के अनुसार पांच अप्रैल की दोपहर करीब 11:30 बजे जश अपने दादा से पांच रुपये लेकर चाची अंजली के पास गया था। वह बेड पर लेटकर मोबाइल में गेम खेल रहा था। इस दौरान जश की बड़ी बहन भी अंजली के घर आई थी, लेकिन वह कुछ समय बाद वापस चली गई। इसके बाद अंजली ने 15 मिनट बाद करीब 12 बजे जश की मोबाइल चार्जर से गला घोंटकर हत्या कर दी।
विज्ञापन


इस दौरान जश के नाक व कान से खून बहने लगा और बेड की चादर पर गिर गया तो अंजली ने शव को बेड में छिपा दिया। दूसरी ओर गांव में पुलिस ग्रामीणों की मदद से सर्च अभियान चला रही थी तो अंजली ने एक पिट्ठू बैग में जश का शव डाला, बैग में भी खून की बूंदें गिरी थी।

फिर सुबह करीब 3:30 बजे अंजली पड़ोस में आरोपी धनवंती जो जश की रिश्ते में ताई लगती है, उसके घर गई। वहां उसने चाय बनाकर धनवंती के बच्चों को दी, वह चाय लेकर घर से बाहर चले गए। इस दौरान अंजली अपने घर से जश के शव को लेकर आई और धनवंती के घर की छत पर डाल दिया और बैग को अपने घर में छिपा दिया। 

कुछ समय बाद अंजली ने धनवंती की सास सौरनदे से कहा कि अब पुलिस अपने घर चेक करेगी तो आप भी अपने घर को पहले ही चेक कर लो। धनवंती और सौरनदे ने घर चेक किया और जब छत पर गई तो जश का शव पड़ा था। उन्होंने डरकर सुबह करीब साढ़े पांच बजे शव को पड़ोस में पशुबाड़े की शेड पर डाल दिया।

इस दौरान शेड के नीचे एक महिला पशुओं को चारा डाल रही थी तो उसने आवाज सुनी। बाहर निकलकर देखा तो आरोपी सौरनदे अपने घर में सीढ़ियों से उतर रही थी। इसके बाद पुलिस ने सौरनदे और उसकी बहू धनवंती को हिरासत में लेकर पूछताछ की थी। जिससे अंजली का नाम सामने आया था। वहीं, जश की बड़ी बहन ने भी बताया था कि जश अंजली चाची के पास खेल रहा था। 

अंजली ने पति विकास को किए थे व्हाट्सएप मैसेज
पुलिस के अनुसार जब जश का पोस्टमार्टम कराया जा रहा था, इस दौरान अंजली ने अपने पति विकास के पास व्हाट्सएप मैसेज किए थे। जिसमें लिखा था कि जश के शव पर मेरे फिंगर प्रिंट तो नहीं आएंगे, क्योंकि जश मेरे पास ही खेल रहा था। हालांकि पुलिस ने अभी तक विकास की भूमिका का खुलासा नहीं किया है। पुलिस ने जश के रिश्ते में लगने वाली ताई धनवंती और उसकी सास सौरनदे को गिरफ्तार कर लिया है। इन्होंने जश के शव को पड़ोस में पशुबाड़े की शेड पर फेंका था। इस आरोप में इन दोनों सास बहू को गिरफ्तार किया गया है। 

सीआईडी सीरियल देखकर की हत्या
पुलिस के अनुसार अंजली ने अपने मोबाइल में आत्महत्या कैसे करें सर्च किया था। इससे साफ है कि अंजली मनोरोगी है। साथ ही पुलिस की जांच में यह भी सामने आया कि जिस दौरान अंजली ने जश की हत्या की थी, उस दौरान उसकी टीवी में सीआईडी क्राइम सीरियल चल रहा था। ऐसे में अंदेशा है कि सीआईडी सीरियल देखकर ही अंजली ने वारदात को अंजाम दिया है। 

पुलिस को मिले हर सुबूत
पुलिस का कहना है कि पूछताछ में अंजली ने जिस तरह जश की हत्या करने की बात कही थी, वैसे ही क्राइम सीन रिक्रिएट के दौरान अंजली ने वैसे ही करके दिखाया है और वैसे ही सबूत भी मिले हैं। चादर और बैग में खून के धब्बे, पड़ोस में कुंए में जश की चप्पल अंजली ने फेंकी थी, वह भी वहीं से मिली है। पुलिस का कहना है कि घटना के अनुसार अधिकांश सबूत पुलिस को मिल चुके हैं। पुलिस के अनुसार अंजली का इलाज पहले करनाल के प्राइवेट अस्पताल में चल रहा था। अब पानीपत के प्राइवेट अस्पताल में चल रहा है। इन दोनों अस्पतालों की रिपोर्टों की जांच कराई गई है। जिसमें सामने आया है कि अंजली मानसिक रोगी है। 

आज परिजन करेंगे महापंचायत
परिजन अभी तक पुलिस की जांच से संतुष्ट नहीं हुए हैं। ऐसे में परिजनों ने वीरवार को सेक्टर-12 स्थित फव्वारा पार्क में महापंचायत करने का एलान किया है। परिजनों का कहना है कि महापंचायत में ही निर्णय लिया जाएगा कि वह आगे क्या करेंगे। वहीं सीबीआई से इस मामले की जांच की मांग भी कर रहे हैं। 
 

आरोपी अंजली के लिए मनोरोग चिकित्सकों का बोर्ड बनवाया गया है। मनोरोग चिकित्सक अंजली की काउंसलिंग करेंगे। वहीं, अंजली ने जिस तरह वारदात को अंजाम दिया था पुलिस को वे सभी सबूत मिल चुके हैं। इस मामले में अभी जांच की जा रही है। हत्या के असली कारणों का खुलासा दो दिन के पुलिस रिमांड के बाद कर दिया जाएगा। -मोहन लाल, सीआईए टू इंचार्ज 

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें