पुलिस हिरासत में युवक की मौत, सीआईए-2 इंचार्ज समेत 3 निलंबित
वर्दी पर दाग- एएसआई ने मामले को मुठभेड़ का रूप देने की कोशिश में खुद के कंधे पर गोली मारी
माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। शस्त्र अधिनियम के मामले में बगैर किसी लिखापढ़ी के तीन दिन पहले 11 नवंबर को हिरासत में लिए गए बीजना गांव के निवासी जितेंद्र उर्फ जैकी ( 32) की शनिवार की सुबह अपराध जांच एजेंसी (सीआईए) के पुलिस लाइन स्थित दफ्तर में मौत हो गई। परिजन का आरोप है कि उसकी रिहाई के लिए सीआईए-2 की टीम रिश्वत मांग रही थी। रिश्वत न मिलने पर उसे बर्बरता से पीटा गया। पिटाई की वजह से ही उसकी मौत हुई है। इसके बाद सीआईए-2 के एएसआई राजिंद्र ने पुलिस हिरासत में मौत के मामले को फर्जी मुठभेड़ का रूप देने की कोशिश में खुद के कंधे पर गोली मार ली और निजी अस्पताल में जाकर भर्ती हो गया।
इन आरोपों पर पुलिस अधीक्षक करण गोयल ने सीआईए-2 के इंचार्ज इंस्पेक्टर प्रवीण कुमार, एएसआई राजिंद्र और हेड कांस्टेबल संदीप को निलंबित कर दिया। इसके साथ ही जैकी को उसके घर से हिरासत में लिए जाने से लेकर राजिंद्र को गोली लगने तक की जांच मजिस्ट्रेट से कराए जाने के आदेश दिए गए हैं। शाम को मजिस्ट्रेट ने पुलिसकर्मियों, जैकी के परिजन और पोस्टमार्टम करने वाले डाक्टरों के बयान दर्ज किए। कुल छह पुलिसकर्मी जांच के घेरे में हैं। ये पुलिसकर्मी 11 नवंबर की सुबह 10 बजे जैकी को ले गए थे। जैकी के परिजन ने इस कार्रवाई के दौरान की सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस अफसरों को सौंपी है। फुटेज में पुलिसकर्मियों के चेहरे साफ नजर आ रहे हैं।
जैकी के पिता विक्रम ने बताया कि 11 नवंबर की देर शाम और 12 नवंबर की सुबह सीआईए-2 के पुलिसकर्मियों ने किसी व्यक्ति के मोबाइल से काल कर कहा था कि अगर वह पैसे दे दें तो उनके बेटे को छोड़ दिया जाएगा। इस पर उन लोगों ने पंजाब एंड चंडीगढ़ हाईकोर्ट में जैकी को अवैध हिरासत में रखने की याचिका दायर कर दी। सीआईए-2 की ओर से कोर्ट में झूठी रिपोर्ट दे दी गई कि जैकी उसकी हिरासत में नहीं है। शनिवार की सुबह सीआईए-2 के दफ्तर से काल करके बताया गया कि जैकी की हार्ट अटैक से मौत हो गई है। वे लोग दफ्तर पहुंचे तो पता चला कि शव को पुलिसकर्मी पोस्टमार्टम हाउस ले गए हैं।
इस मामले में तीन पुलिसकर्मियों को निलंबित किया गया है। पूरे मामले की विभागीय जांच भी कराई जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर स्थिति कुछ स्पष्ट हो सकेगी
- गोरखपाल राणा, डीएसपी
जैकी के शव का पोस्टमार्टम चार डाक्टरों के पैनल ने किया। मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। इसलिए, विसरा संरक्षित किया गया है। इसे जांच के लिए विधि विज्ञान प्रयोगशाला भेजा जाएगा। विसरा जांच से ही मौत की वजह स्पष्ट हो सकेगी।
- डाॅ. मुनीश कुमार, आरएमओ, जिला नागरिक अस्पताल
10 साल जेल में रहा, 8 महीने पहले बाहर आया था
जितेंद्र के पिता विक्रम ने बताया कि बेटे पर अलग-अलग थानों में कई मामले दर्ज हैं। वह करीब 10 साल जेल में रहा है। आठ माह पहले ही जमानत पर छूटा था। इसके बाद से वह खेती कर रहा था। उसने कोई अपराध नहीं किया। इसके बावजूद पुलिसकर्मी उसे परेशान कर रहे थे। उसने तीन माह पहले ही प्रेम विवाह किया था। उसे दिल की बीमारी नहीं थी। इसलिए, मौत की वजह हार्ट अटैक होना गले नहीं उतर रहा है। यह खुद को बचाने के लिए सीआईए-2 की बनाई गई कहानी का हिस्सा है।