संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। कुछ लोगों ने रुपये दोगुने करने का झांसा देकर 12 मजदूरों से 9.67 लाख रुपये ठग लिए। मजदूरों ने कड़ी मेहनत कर एक-एक रुपया इकट्ठा किया था लेकिन आरोपी उनकी कमाई लेकर फरार हो गए। सिटी थाना पुलिस ने आरोपी शशि भूषण, महेश यादव निवासी हकीकत नगर घोघड़ीपुर फाटक करनाल, सर्वोत्तम कंपनी के डायरेक्टर निवासी अमृतसर सहित पांच लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। सभी मजदूर बिहार के रहने वाले हैं।
पुलिस को दी शिकायत में कैलाश चौधरी, मीरा देवी, दीपक चौधरी, राम चंद्र आदि ने बताया कि 2014 में उन्हें आरोपी श्ािश भूषण व महेश नारंग मिले थे। उन्होंने कहा कि वे उनके रुपये दोगुना कर देंगे। उन्हें छह साल तक दो-दो हजार रुपये जमा कराने होंगे। छह साल में उनके 72 हजार रुपये इकट्ठे होंगे इसके बदले वे उन्हें 1.60 लाख रुपये देंगे। उनकी कंपनी रुपये दोगुने करने का काम करती है। इन मजदूरों को झांसे में लेने के लिए आरोपी ने अन्य मजदूरों को भी उनसे मिलवाया था। आरोपी भी मूल रूप से बिहार के रहने वाले हैं। इस कारण मजदूर उनके झांसे में आ गए। 12 मजदूरों ने छह साल तक आरोपियों को 2-2 हजार रुपये दिए। कई मजदूरों ने इससे ज्यादा रुपये भी आरोपियों के पास जमा कराए। छह साल होने पर जब मजदूर अपने दोगुने रुपये मांगने लगे तो आरोपी जान से मारने की धमकी देने लगे और उनके जमा हुए रुपये लेकर फरार हो गए।
किसी ने बेटी की शादी तो किसी ने मकान बनाने के लिए जमा कराए थे रुपये
कैलाश चौधरी ने बताया कि उसकी एक बेटी है। उसकी शादी के लिए उसके पास रुपये जमा हो जाएंगे यह सोचकर वह आरोपी की बातों में आ गया। इसी प्रकार किसी को बेटे की शादी करनी थी तो किसी को बिहार में मकान बनाना था।
इन लोगों के साथ की ठगी
- कैलाश चौधरी 72 हजार
- मीरा देवी 72 हजार
- दीपक चौधरी 1 लाख
- राम चन्द्र दास 72 हजार
- रामपरी देवी 72 हजार
- डीगन शाह 1 लाख
- बीना 36 हजार
- कमली देवी 1.44 लाख
- आनंदी शाह 72 हजार
- फूल कुमारी 1.44 लाख
- रामबाबू साहनी 11400
- वीपत दास 72 हजार