करनाल। वन विभाग ने 14 लाख पौधोें से कर्ण की धरा का शृंगार करने का जो लक्ष्य रखा है, उसका 60 प्रतिशत कार्य पूर्ण कर लिया गया है। विभाग के अनुसार, पूरे जिले में 62 किस्म के 14 लाख पौधे रोपित करने हैं जिनमें से करीब आठ लाख पौधे लगाए जा चुके हैं। इनमें 12 प्रकार के सवा दो लाख फलदार पौधे भी शामिल हैं। फलदार पौधों में 1.28 लाख जामुन और 50 हजार अमरूद के पौधे विशेष रूप से हैं।
गौरतलब हो कि वन विभाग ने इस मानसून मेें 15 अगस्त तक नौ लाख पौधे लगाने का लक्ष्य रखा था जो लगभग पूरा होने को है। इसके बाद फरवरी माह में पौधरोपण फिर से शुरू किया जाएगा। विभिन्न जगहों पर विभाग की ओर से छायादार, लकड़ी, तेलीय, सजावटी व फलदार समेत अन्य प्रकार के पौधे लगाए जाएंगे। वन विभाग की ओर से जल शक्ति अभियान के तहत 3.84 लाख पौधे सरकारी विभागों, 1.15 लाख स्कूलों, 2.70 लाख फ्री सप्लाई, 80 हजार डेरा सच्चा सौदा और 50 हजार पौधे बच्चों को वितरित किए गए हैं।
डीएफओ नरेश रंगा ने बताया कि विभाग की ओर से पौधरोपण अभियान निरंतर जारी है। जिसके तहत लगभग 60 प्रतिशत पौधे रोपित किए जा चुके हैं। उन्होंने लोगों से पौधों की देखभाल करने की भी अपील की।