आज से 18 विभागों की 11 सदस्यीय टीम करेगी ओवरलोड वाहनों के चालान
अमर उजाला ब्यूरो
करनाल।
जिले में ओवरलोड वाहनों पर अंकुश लगाने के लिए आज से 18 विभागों की टीम ओवरलोडिड गाड़ियों का चालान करेंगी। आरटीए सहित 18 विभागों के अधिकारी और कर्मचारी ट्रेनिंग पूरी कर तैयार है। शुक्रवार से 11 सदस्यीय चालानिंग टीम मंगलौरा चेक पोस्ट पर 8-8 घंटे की शिफ्ट में 24 घंटे ड्यूटी देने के लिए तैनात हो जाएगी। इसके लिए एडीसी ने सभी कर्मचारियों की बैठक लेकर निर्देश भी दिए। ओवरलोडिड वाहनों के चालान के लिए स्थानीय पंचायत भवन में 18 विभागों के 330 अधिकारियों एवं कर्मचारियों प्रशिक्षण दिया गया। सहायक जिला सूचना एवं विज्ञान अधिकारी परमिंद्र सिंह ने सभी सदस्यों को विस्तार से ई-चालान की प्रक्रिया के बारे में बताया।
आरटीए निशांत कुमार यादव ने सभी कर्मचारियों को सख्ती से निर्देश देते हुए कहा कि इस ड्यूटी में लापरवाही कतई बर्दास्त नहीं होगी, उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी टीम वाइज अपने अधीक्षक, उप-अधीक्षक एवं सहायक से समन्वय स्थापित कर ड्यूटी का निर्वाह करें। उन्होंने बताया कि इस कार्य को अमलीजामा पहनाने के लिए करनाल में छह पुलिस पोस्ट बनाई गई है, जिन पर 11 सदस्यों की चेकिंग टीम के साथ-साथ एक पुलिस पीसीआर भी 24 घंटे तैनात रहेगी। उन्होंने बताया कि ओवरलोडिड वाहनों की ई-चालानिंग टैब के माध्यम से की जाएगी, जिसमें वाहन के रजिस्ट्रेशन नंबर से लेकर ड्राइवर का लाइसेंस नंबर, पता, मोबाइल नंबर तथा वाहन कहां से आया तथा कहां जा रहा था आदि सभी तरह की जानकारी भरी जाएगी।
वाहन को मौके पर ही खाली कराएगी टीम
एडीसी निशांत यादव ने निर्देश देते हुए कहा कि चालानिंग टीम मौके पर गाड़ी का चालान करके उसे जुर्माना भरने के लिए आरटीए कार्यालय में भेजेगी तथा चालान भरने की रसीद दिखाकर ही वाहन को छोड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि इसके साथ-साथ चेकिंग टीम ओवरलोडिड वाहन को मौके पर अंडर लोड यानि की खाली करवाकर स्वीकृत लोड के हिसाब से ही भरवाकर भेजे और यदि गाड़ी में फट्टे लगे हो तो उनको बिल्कुल हटवा दे। ताकि लोगों की जान को बचाया जा सके।