माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। खेल विभाग की ओर से जिले के सभी खेल प्रशिक्षकों को प्रत्येक खेल में 25-25 (महिला व पुरुष) खिलाड़ियों की खेल नर्सरी संचालित कराने के निर्देश जारी किए गए हैं। इसी कड़ी में पहले दिन कर्ण स्टेडियम में आयोजित खेल नर्सरी ट्रायल के दौरान पांच खेलों के लिए 600 खिलाड़ियों ने छह चरणों की प्रक्रिया पूरी की। इसके बाद मेरिट के आधार पर खिलाड़ी द्वारा चयनित खेल में (महिला व पुरुष) 25-25 खिलाड़ियों को लिया जाएगा।
चयनित सभी खिलाड़ियों के चयन के बाद खेल नर्सरी में एक माह में 22 दिन की उपस्थिति अनिवार्य कर दी गई है। पहले दिन खेल नर्सरी के पांच खेल फेंसिंग, फुटबॉल, एथलेटिक्स, हॉकी व तैराकी के अलावा बसताड़ा खेल परिसर में वुशू, जयसिंहपुरा में जूडो और गुरुकुल मोरमाजरा में महिला वर्ग के जूडो ट्रायल लिए गए। तीनों दिन की ट्रायल प्रक्रिया पूरी होने के बाद चयनित खिलाड़ियों की सूची मुख्यालय को भेज दी जाएगी। ट्रायल के दौरान वरिष्ठ हॉकी प्रशिक्षक देवेंद्र गुलिया मौजूद रहे।
14 दिसंबर को कर्ण स्टेडियम में जिमनास्टिक, कबड्डी, बॉक्सिंग, रेसलिंग, बैडमिंटन, बास्केटबॉल और वॉलीबॉल व 15 दिसंबर को स्टेडियम में साइकिलिंग, वेट लिफ्टिंग, लॉन टेनिस, ताइक्वांडो, क्रिकेट और आर्ची का ट्रायल होगा। इसके अलावा इसी दिन राजीव गांधी खेल परिसर पूंडरक में क्याकिंग और रॉइंग का ट्रायल होगा। वहीं गगसीना खेल परिसर में फुटबॉल के ट्रायल होंगे।