संवाद न्यूज एजेंसी
असंध। गांव शेखुपुरा के एक युवक से अमेरिका भेजने के नाम पर 38 लाख रुपये ठग लिए। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आठ आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर लिया है।
पीड़ित मेहर सिंह वासी गांव शेखुपुरा ने बताया कि उसका भाई गुरजीत अमेरिका में रहता है। वह भी विदेश जाना चाहता था। उसकी मुलाकात उसके रिश्तेदार वीरेंद्र निवासी पिपलथा, जिला जींद से हुई। वीरेंद्र ने उसके परिवार के सदस्यों से कहा कि उसके दोस्त 38 लाख रुपये में वर्क परमिट में अमेरिका भेज देंगे।
वह उसकी बातों में आ गए। 17 सितंबर 2021 को वीरेंद्र उसके घर से पासपोर्ट व दो लाख रुपये ले गया। 23 सितंबर को वीरेंद्र उसे दिल्ली ले गया। जहां राज होटल में मथुरापुरी, जिला मोगा पंजाब निवासी राजकुमार शर्मा मिला। जहां एक और युवक तरनतारन, पंजाब निवासी प्रभदयाल भी था। राजकुमार उसे व प्रभदयाल को जहाज में बैठाकर कोलकाता ले गया जहां दो होटलों में 10-10 दिन रखा। इस दौरान वहां कोलकाता के ही आरोपी सुरजीत व समीर आए। वे राजकुमार को जानते थे, जिन्हें अमृतसर के एजेंट राजबीर ने भेजा था। आरोपी उसे होटल से निकालकर वहां से करीब 10 किलोमीटर दूर एक गेस्ट हाउस आरआर रेजीडेंसी में ले गए। जहां पहले से आरोपी नीरज व प्रभदयाल थे। आरोपियों ने उनके साथ मारपीट की और घर वालों को वाट्सएप वीडियो कॉल कराई।
आरोपियों ने कहा कि वह अपने घर वालों से कहे कि अमेरिका पहुंच गए हैं। इस तरह उससे जबरदस्ती फोन करवा घर से 38 लाख रुपये उसके रिश्तेदार आरोपी वीरेंद्र को दिलवा दिए। उसके पास तीन हजार अमेरिकन डॉलर थे, वह भी उससे कलकत्ता होटल में छीन लिए। बाद में उसने घरवालों से कोलकाता से दिल्ली की टिकट करवाकर 11 नवंबर को वापस घर आया और सारी बात बताई।
परिवार के लोगों ने जब रिश्तेदार वीरेंद्र से इस बारे में पूछा तो उसने बताया कि आरोपी राजकुमार शर्मा, राजबीर सिंह, जिम्मी गिल, सुखविंद्र सिंह, अशोक कुमार, जगतार सिंह, सुरजीत व समीर वासी कोलकाता ने मिलकर अलग-अलग तारीखों में लाखों रुपये लेते रहे हैं। कुछ पैसे वीरेंद्र ने कई एजेंटों के खातों में भी डलवाए हैं। पुलिस ने धोखाधड़ी का केस दर्ज कर लिया है।