माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। उत्तरी हरियाणा बिजली वितरण निगम की 37 टीमों ने सोमवार सुबह ही जिले भर में बिजली चोरी रोकने के उद्देश्य से छापामारी शुरू कर दी, जिससे दिन भर हड़कंप मचा रहा। शाम छह बजे तक छापामारी की गई, जिसमें विभिन्न स्थानों पर 1306 बिजली के कनेक्शन चेक किए गए, जिसमें 135 स्थानों पर बिजली चोरी पकड़ी गई है। इनके खिलाफ केस दर्ज कराया गया है।
जैसे जैसे गर्मी बढ़ रही है, वैसे वैसे बिजली की खपत भी लगातार बढ़ती जा रही है। पंखे, कूलर, एसी, फ्रिज आदि की संख्या में गर्मी के साथ इजाफा होने के कारण विद्युत भार बढ़ गया है। जिससे कई बार रात्रिकालीन कटौती भी करनी पड़ती है। निर्धारित कनेक्शन भार से कई गुना अधिक बिजली लोड आने से निगम चिंतित हो उठा है। इसके बाद जोन प्रथम के पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र व कैथल और जोन-दो के करनाल, पानीपत, सोनीपत, रोहतक व झज्जर आदि कुल दस जिलों में सोमवार को सुबह पांच बजे से ही 272 टीमों ने छापामारी शुरू की। कुल 12618 बिजली के कनेक्शन चेक किए गए हैं, 1353 स्थानों पर बिजली चोरी पकड़े जाने के बाद केस दर्ज किया गया है। 2402.63 किलो वाट का विद्युत भार पकड़ा गया है। जिसकी अनुमात बिजली मूल्य 422.26 लाख रुपये बताया जा रहा है। इसी क्रम में करनाल जिले में 37 टीमों ने 1306 कनेक्शन चेक किए, जिसमें 135 स्थानों पर चोरी पकड़ी गई है, जिसका विद्युत भार 318 केवी और मूल्य 51.71 लाख रुपये बताया जा रहा है।