भाजपा को दिख रही हार, इसलिए नवंबर या दिसंबर में चुनाव की तैयारी : तंवर
अमर उजाला ब्यूरो
असंध। भाजपा के लोगों को आने वाले चुनावों में अपनी निश्चित हार सामने दिख रही है, इसलिए वह इसी वर्ष नवंबर या दिसंबर में चुनाव करवाने की सोच रहे हैं, लेकिन जनता इस बार परिवर्तन के मूड में है, जिस कारण लोकसभा में सभी दस सीटें व विधानसभा में 80 से ज्यादा सीटें जीतकर कांग्रेस प्रचंड बहुत के साथ अपनी सरकार बनाएगी। ये कहना है कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अशोक तंवर का। तंवर शुक्रवार को सालवन गांव में वरिष्ठ कांग्रेसी नेता एवं पूर्व मार्केट कमेटी के चेयरमैन राणा जोगिंद्र सालवन की रस्म किया के बाद असंध में किसान सैल के प्रदेश अध्यक्ष शेर प्रताप शेरी के घर पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि भाजपा के राज में बलात्कार के मामले में भारत में हरियाणा और विश्व में भारत नंबर एक बना है जो बहुत शर्मनाक है। वहीं, इनके राज में आज हर वर्ग सड़कों पर बैठा है जिससे पता चलता है कि भाजपा सरकार से प्रदेश की जनता कितनी खुश है। करनाल सीएम सीटी की बजाय धरना और क्राइम सीटी बन चुका है। उन्होंने कहा कि इनेलो पार्टी का प्रदेश में कोई जनाधार नहीं है अब चाहे ओमप्रकाश चौटाला बाहर आए या कोई भी आए उन्हें उभार नही सकता। तंवर ने कहा कि इस बार उनका ये प्रयास रहेगा आने वाले लोकसभा व विधानसभा चुनावों में स्थानीय उम्मीदवार को ही टिकट दिया जा सके ताकि जनता को अपना नेता चुनने का मौका मिले। उन्होंने कहा कि इस बार टिकट में युवाओं की भागीदारी सबसे ज्यादा होगी इस अवसर पर प्रदेश सचिव पंकज पुनिया, नरेश जांगड़ा , रवि दत्त कौशिक, सिराजुद्दिन, सुनील कौशिक, जरनैल सिंह, दिलावर सिंह, दीपक, सुल्तान समेत सैंकड़ों कांग्रेसी कार्यकर्ता मौजूद रहे।