संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। एक नौकर द्वारा 3.5 किलोग्राम सोना छिपाने का मामला सामने आया है, जिसकी कीमत करीब 1.90 करोड़ रुपये बताई जा रही है। फिलहाल पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में सेक्टर-14 निवासी विपुल अग्रवाल ने बताया कि वह डिजिटल मार्केटिंग का काम करता है। उसके पास रोहित कुमार नाम का एक युवक पिछले करीब डेढ़ साल से काम करता है। जो कि कई बार दिल्ली से सोने से बनी वस्तुएं लेकर आता था। 19 अप्रैल को भी वह दिल्ली से करनाल के लिए सोने का सामान लेकर चला था। जिसमें करीब 3.5 किलोग्राम सोना और कुछ नकदी थी। नौकर को शाम के करीब सात बजे तक करनाल पहुंचना था, लेकिन उस दौरान वह करनाल नहीं पहुंचा।
उसी दिन रात के करीब 12 बजे उनके पास रोहित के घर से फोन आया कि वह घर पहुंच गया है। जब वह रोहित के घर अपने सामान के बारे में पूछने गया तो रोहित ने बताया कि वह सामान चोरी हो गया है, लेकिन उन्हें उसकी बात पर यकीन नहीं हो रहा है। उन्हें शक है कि उसी ने उसके सामान को कहीं छिपा दिया है। वहीं, इस मामले में सिविल लाइन थाना प्रभारी संदीप कुमार ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।