करनाल। दो व्यक्तियों की शादी कराने की बात कहकर दो लाख रुपये ठगने का मामला सामने आया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में जींद के गांव देवरड निवासी अशोक कुमार ने बताया कि चार महीने पहले उसकी राजबीर निवासी नगूरा जिला जींद के साथ जान पहचान हुई। उसने कहा कि अगर किसी लड़के की शादी करानी है तो वह करा देगा।
इस पर उसने आरोपी को बताया कि राजस्थान निवासी उसके जानकार ओमप्रकाश व राजेंद्र की शादी नहीं हुई है, उसकी शादी करानी है। तो उसने पांच हजार रुपये लिए और पानीपत की हरि सिंह कॉलोनी निवासी ममता से बात कराई। उसने कहा कि शादी के तीन लाख रुपये लगेंगे। उसने अपने गांव के कैलाश को बताया तो वह राजी हो गया, क्योंकि ओमप्रकाश और राजेंद्र उसके जानकार थे।
17 सितंबर को करनाल कोर्ट में बुलाया, वहां पर ओमप्रकाश और राजेंद्र भी आ गए, जिनकी शादी करानी थी। आरोपी महिला ममता भी दो लड़कियों को साथ लेकर आ गई। उन्हें दोनों लड़कियां पसंद आ गई। तो दस हजार रुपये उन्हें सूट दिलवाने के लिए दे दिए। इससे पहले भी उसने दस हजार रुपये दिए थे। ममता ने कोर्ट में कागज तैयार कराए। उसके लिए 30 हजार रुपये उन्होंने दिए। बात पक्की होने पर 1.65 लाख रुपये ममता को नगद दिए। ममता ने कुल 2 लाख 5 हजार रुपये उनसे लिए। जब वह कागज तैयार करा रहे थे तो ममता वह रुपये लेकर और दोनों लड़कियों को साथ लेकर वहां से गायब हो गई। आरोपियों ने साजिश रचकर उनके साथ ठगी की है।