संवाद न्यूज एजेंसी
घरौंडा। गांव कैमला में हरियाणा रोडवेज की बस की टंकी से 260 लीटर डीजल चोरी करने का मामला सामने आया है। बस चालक ने इसकी शिकायत पुलिस को दी है। पुलिस ने दो युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार भी कर लिया है। आरोपी से कुछ डीजल भी बरामद हुआ है। उसे शनिवार को न्यायालय में पेश किया जाएगा।
वीरवार रात बस चालक ने अपनी बस को कैमला गांव के छोटे अड्डे के नजदीक खड़ा किया था ताकि वह समय के अनुसार सवारियों को लेकर गांव से रवाना हो सके। शुक्रवार सुबह जैसे ही वह बस के पास पहुंचा बस के टैंक के नीचे डीजल बिखरा था। गली में भी डीजल की बूंदों के निशान थे। बस चालक शमशेर ने पुलिस में दी शिकायत में बताया कि बस के पास बिखरी डीजल की बूंदें दयालपुरा मोहल्ले के एक मकान तक मिलीं। चालक ने बताया कि उसे देखकर आरोपी फरार हो गए। घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने कैमला निवासी संदीप को गिरफ्तार कर लिया। जांच अधिकारी मंजीत सिंह ने बताया कि दूसरे आरोपी की तलाश जारी है।