संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग की ओर से रविवार को आयोजित करवाई गई हरियाणा पुलिस महिला सिपाही पद की परीक्षा दो सत्रों में संपन्न हुई। 62 परीक्षा केंद्रों पर 17844 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। कुल 37 हजार में से 19156 अभ्यर्थियों की अनुपस्थिति दर्ज की गई। सुबह 10:30 से 12:30 के सत्र में 47.80 प्रतिशत महिलाओं ने परीक्षा दी। शाम 3 से 5 बजे के सत्र में 48.64 प्रतिशत अभ्यर्थी ही परीक्षा देने परीक्षा केंद्रों पर पहुंचीं। विभिन्न जिलों से पहुंचीं महिलाएं सुबह करीब नौ बजे से ही परीक्षा केंद्रों के बाहर जमा होने लगी थी। कुछ महिलाओं द्वारा दस्तावेजों का सत्यापन नहीं करवाया गया था। जिन्होंने आसपास के अस्पतालों में सत्यापन करवाया। प्रशासन की ओर से परीक्षा शांतिपूर्वक और नकल रहित करवाने के लिए पुख्ता इंतजाम किए गए थे। सुरक्षा के लिहाज से हर परीक्षा केंद्र के बाहर पुलिस के जवान मुस्तैद रहे।
आरपीएफ ने खुलवाया जाम
हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग की ओर से हरियाणा पुलिस महिला सिपाही पद की परीक्षा के लिए विभिन्न जिलों से हजारों अभ्यर्थी पहुंचे। जिस वजह से शहर में जगह-जगह जाम के हालात बने। कैथल पुल पर जाम में एक एंबुलेंस फंस गई इसके बाद आरपीएफ के जवानों ने जाम खुलवाया।
इंटरनेट व्यवस्था ठप, आमजन परेशान
परीक्षा की वजह से सुबह से इंटरनेट ने काम करना बंद कर दिया था। इससे आमजन को दिक्कतें उठानी पड़ी। कामकाजी लोग वाई-फाई का सहारा ढूंढते नजर आए। शाम को परीक्षा समाप्त होने के कुछ समय बाद इंटरनेट सेवा बहाल हुई।
महिला पुलिस सिपाही पद की परीक्षा में 37 हजार में से 17844 अभ्यर्थी ही परीक्षा देने पहुंचे। परीक्षा शांतिपूर्वक संपन्न हुई जिसको लेकर प्रशासन की तैयारियां पूरी थी।
-अदिति, नोडल अधिकारी एवं प्रबंध निदेशक करनाल सहकारी चीनी मिल