पुलिस ने शराब के अवैध कारोबार, जुआ, नशीले पदार्थों की तस्करी और अवैध हथियार रखने वाले आरोपियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत शराब के कारोबार में संलिप्त 17 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 168 बोतल देसी शराब बरामद की गई। वहीं सट्टा खाईवाली करते 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। उनके कब्जे से 21269 रुपये की नकदी भी बरामद की गई। वहीं नशीले पदार्थों की तस्करी करने वाले चार आरोपियों को भी अलग-अलग मामलों में गिरफ्तार किया गया है। उनके कब्जे से 7 ग्राम स्मैक, 20 ग्राम अफीम, 35 ग्राम सुल्फा व 415 ग्राम गांजा पत्ती बरामद की गई है। आरोपियों के खिलाफ करनाल के विभिन्न थानों में आबकारी, जुआ, शस्त्र अधिनियम व एनडीपीएस एक्ट की धाराओं के केसदर्ज किए गए।
पुलिस ने आरोपी लखविंदर सिंह निवासी वार्ड नंबर 3 निसिंग को ड्रेन पुल निसिंग से काबू कर उसके कब्जे से 20 ग्राम अफीम बरामद की है। इस संबंध में आरोपी के खिलाफ थाना निसिंग में केस दर्ज किया गया। दूसरे मामले में असंध की स्पेशल यूनिट ने आरोपी अमनदीप सिंह निवासी शेखपुरा को बस अड्डा अलावला के पास से 7 ग्राम स्मैक सहित काबू किया। इस संबंध में आरोपी के खिलाफ थाना असंध में केस दर्ज किया गया है। तीसरे मामले में पुलिस ने आरोपी सुरेंद्र उर्फ सोनू निवासी निगदू को 35 ग्राम सुल्फा व एक मोटरसाइकिल सहित निगदू से काबू किया गया। इस संबंध में आरोपी के खिलाफ थाने में केस दर्ज कर लिया गया। एक अन्य मामले में थाना मूनक पुलिस ने आरोपी सुनील निवासी डेरा कापड़ो को मूनक से 415 ग्राम गांजा पत्ती सहित काबू किया गया।