माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। नियम 134ए के तहत प्राइवेट स्कूल में निशुल्क शिक्षा के लिए होने वाले दाखिलों के लिए आवेदन प्रक्रिया खत्म हो गई है। हालात यह हैं कि जितनी सीटें नियम के तहत आरक्षित हैं, उससे आधे भी आवेदन नहीं हुए हैं। यह हालात तब हैं, जब विभाग ने दो बार विद्यार्थियों को आवेदन फार्म भरने का मौका दिया। अब पांच दिसंबर को प्रवेश परीक्षा होगी, इसके लिए प्रक्रिया शुरू हो गई है।
आवेदन कम आने के पीछे शिक्षक चालू सत्र में देरी से नियम 134ए की प्रक्रिया को शुरू होना मान रहे हैं। जिले के सभी छह खंडों के 361 स्कूलों में कक्षा दूसरी से 12वीं तक की कुल 10259 सीटें हैं, जहां दाखिले के लिए महज 4032 विद्यार्थियों ने ही आवेदन किया है। नियम 134ए के तहत निजी स्कूलों में जरूरतमंद बच्चों को निशुल्क दाखिला दिया जाता है। ब्यूरो
10वीं और 12वीं में नहीं होगा दाखिला
इस बार कक्षा 10वीं और 12वीं में दाखिला नहीं होगा, क्योंकि चालू सत्र में नियम 134ए के तहत दाखिलों का शेड्यूल जारी हुआ है, जबकि इन कक्षाओं में दाखिले के लिए विद्यार्थी जिस स्कूल में पढ़ रहे हैं, वहां से बोर्ड परीक्षा का फार्म भर जाएगा।
तीसरी में 892 और 11वीं में सबसे कम 69 आवेदन
सीटों की स्थिति में सबसे ज्यादा कक्षा तीसरी में 1515 और सबसे कम कक्षा 11वीं में 711 है। इसी तरह तीसरी कक्षा में ही सबसे ज्यादा 892 आवेदन हैं, जोकि सीटों से आधे हैं। वहीं 11वीं कक्षा में सबसे कम 69 आवेदन हैं, जोकि सीटों से 10 प्रतिशत भी नहीं है।
यह है नया शेड्यूल
- 05 दिसंबर को प्रवेश के लिए परीक्षा आयोजित होगी।
- 10 दिसंबर को परीक्षा का परिणाम जारी किया जाएगा।
- 13 दिसंबर को दाखिलों के लिए पहला ड्रा होगा।
- 15 से 24 दिसंबर तक विद्यार्थी दाखिला ले सकेंगे, जिन विद्यार्थियों का ड्रा में नाम आएगा।
- यदि सीटें खाली बचीं तो दूसरा ड्रा जारी होगा।
यह है स्थिति
कक्षा सीट आवेदन
दूसरी 1464 815
तीसरी 1515 892
चौथी 918 738
पांचवीं 829 643
छठी 786 540
7वीं 772 471
8वीं 815 445
9वीं 818 319
10वीं 902 0
11वीं 711 69
12वीं 729 0
कुल 10259 4932