दो एमएम बारिश से शहरवासियों को राहत, किसानों की बढ़ी चिंता
अमर उजाला ब्यूरो
करनाल।
बेमौसम बारिश ने बुधवार को फिर से किसानों की धड़कनें बढ़ा दीं। बुधवार को हुई दो एमएम बारिश से शहरवासियों को गर्मी से राहत मिली तो किसानों की चिंता बढ़ गई। इस बारिश से खेतों में खड़ी फसल भीग गई और कटाई बंद रुक गई। कई जगहों पर खेतों में पानी भर गया। अनाज मंडी में पड़े किसानों के सोने की न तो मार्केट अधिकारियों को चिंता है और न ही आढ़तियों को। दूसरी बार हुई बारिश में भी अनाज मंडी में किसानों का सोना पानी में भीगता रहा। अनाज मंडी में आढ़तियों के पास पर्याप्त मात्रा में तिरपाल ही नहीं है। कुछ आढ़तियों ने गेहूं की बोरियों को भीगने से बचाने के लिए सीमेंट की टीन रखी हुई थीं। बुधवार को पूरा दिन बादल छाए रहे और बारिश भी हुई।
मापतोल विभाग ने की अनाज मंडी में कांटो की जांच
मापतोल विभाग ने बुधवार को अनाज मंडी में कांटों की जांच की। मापतोल विभाग के सब इंस्पेक्टर सोनू ढिल्लो ने बताया कि अनाज मंडी में 435 कांटों की जांच की गई। इस दौरान उनमें नई सील लगाई गई। इसके बाद औचक निरीक्षण कर दोबारा कांटों की जांच की जाएगी। यदि किसी के कांटे में कोई गड़बड़ पाई गई तो उसके खिलाफ कार्रवाई होगी।