संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। बिजली बिल की अंतिम तिथि के इंतजार में इस बार जिले के 12814 उपभोक्ताओं ने बिजली बिल ही नहीं भरा। निगम की ओर से ऐसे उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटे जाएंगे। अगर इस वर्ष में पिछले छह माह का जिक्र करें तो जुलाई माह का बिल सबसे कम जमा हुआ है।
बिजली निगम की सभी 18 सब डिवीजनों के काउंटरों पर बिजली के बिल भरे जाते हैं, बावजूद इसके उपभोक्ता बिल जमा कराने में अब भी आनाकानी करते हैं। अभी भी लोग अंतिम तिथि के इंतजार में हैं। जिले में कुल 218966 बिजली उपभोक्ता हैं, इनमें से जुलाई माह का 206152 ने बिल जमा कराया। अभी भी 12814 लोग ऐसे हैं, जिन्होंने अभी तक बिल नहीं जमा कराया है। ऐसे उपभोक्ताओं में से सबसे ज्यादा उपभोक्ता ग्रामीण क्षेत्र व कस्बा क्षेत्र के है। इनमें नीलोखेड़ी, निसिंग, तरावड़ी व घरौंडा क्षेत्र के उपभोक्ताओं ने भी इस बार कम बिल जमा कराया है। ग्रामीण क्षेत्र में बिल भरने की अंतिम तिथि 20 व शहरी क्षेत्र में माह की 25 तारीख बिल भरे जाते हैं। यदि बिजली उपभोक्ता निर्धारित अंतिम तिथि तक बिल नहीं भरता है तो उस पर सरचार्ज लग जाता है। हालांकि बिजली का बिल ऑनलाइन माध्यम से गूगल पे, फोन पे और पेटीएम से भरा जाता है, वहीं संबंधित सब डिवीजन में जाकर भी उपभोक्ता अपना बिजली बिल भर सकता है। वहीं बिजली निगम की ओर से बिल काउंटर पर मौदूज कर्मचारी की ओर से हर माह बिल भरने के लिए खुले पैसो के लिए जद्दोजहद देखी जाती है। ऐसे में निगम की सभी सब डिवीजनों के बिल काउंटरों पर यह नोटिस भी चस्पा कर दिया गया है कि बिजली बिल भरने के लिए खुले व पूरे पैसे लेकर आए, नहीं तो आपका बिल नहीं भरा जाएगा।
अंतिम तिथि से पहले बिल भरने की निगम की हिदायत
बिजली निगम की ओर से उपभोक्ताओं को अंतिम तिथि से पहले ही बिल भरने की हिदायत दी गई है। बिजली निगम के अधिकारियों का कहना है कि बिल अंतिम तिथि से पहले ही भरे क्योंकि अंतिम के दिनों में बिल साइट का सर्वर व्यस्त हो जाता है। सर्वर के व्यस्त होने के कारण उपभोक्ता बिल नहीं भर पाता और अगले ही दिन बिल में सरचार्ज जुड़ जाता है, इससे बचने के लिए निगम सभी उपभोक्ताओं को समय पर बिल भरने की हिदायत देता है।