अमर उजाला ब्यूरो
करनाल। नए शुगर मिल का निर्माण कार्य शुरू न होने व किसानों की बकाया पेमेंट को लेकर खफा भारतीय किसान यूनियन ने मंगलवार को मेरठ रोड शुगर मिल में जमकर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। इससे पहले, भाकियू ने सीएम मनोहर लाल द्वारा लगाए गए शिलान्यास पट्ट की आरती उतारकर पूजा की। इसके बाद किसान प्रदर्शन करते हुए एमडी कार्यालय के सामने पहुंचे। वहां किसानों ने शुगर मिल एमडी से नए शुगर मिल का निर्माण कार्य कब शुरू होगा इसके बारे में पूछा तो शुगर मिल एमडी कोई स्पष्ट जवाब नहीं दे पाए। गुस्साए किसानों ने प्रदर्शन करते हुए शुगर मिल के बाहर धरना दिया और सरकार के खिलाफ रोष प्रकट किया। भाकियू प्रधान रतन सिंह मान ने कहा कि शुगर मिल से ही किसानों की रोटी मिलती है, लेकिन सरकार नया शुगर मिल लगाने के लिए तैयार ही नहीं है। किसानों को भ्रमित करने के लिए सीएम मनोहर लाल ने शिलान्यास पत्थर तो लगा दिया है, लेकिन निर्माण कार्य शुरू करने को लेकर उनके पास भी कोई जवाब नहीं है। इतना ही नहीं सरकार ने किसानों के 38 करोड़ रुपए रोके हुए हैं। इससे पहले, 17 जुलाई को शुगर मिल प्रशासन ने आश्वासन दिया था कि एक सप्ताह में किसानों की पेमेंट उनके खातों में चली जाएगी। अभी तक एक रुपया भी किसानों के खाते में नहीं आया है। जब तक नए शुगर मिल का निर्माण कार्य शुरू नहीं होता और किसानों के 38 करोड़ रुपए उनके खाते में नहीं पहुंचते भाकियू का आंदोलन ऐसे ही चलता रहेगा। धरना स्थल पर जाकर भाकियू नेसहमती बनाकर प्रथम चरण में अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया। जो सुबह 10 से शाम 3 बजे तक जारी रहेगा। मौके पर मेहताब सिंह, सुरेंद्र सिंह भुमन, प्रेमचंद शाहपुर, श्याम सिंह मान, महिला जिलाध्यक्ष नीलम राणा, धनेंत्र राणा, ओमपाल मंढाण, बबलू सुहाना, यशपाल राणा, रामसिंह मोदीपुर, राजेंद्र सांगवान, लक्ष्मण राणा सहित अन्य मौजूद रहे।
225 करोड़ रुपए में 3500 टीसीडी का नया शुगर मिल लगना है
20 साल पुराने हो चुके शुगर मिल की क्षमता 2200 टीसीडी है, लेकिन अधिक समय होने के कारण शुगर मिल की मशीनें पुरानी हो चुुकी है। इसलिए सीएम मनोहर लाल ने 20 जनवरी 2018 को 225 करोड़ रुपये की लागत से बनाए जाने वाले 3500 टीसीडी के शुगर मिल व 15 मेगावाट बिजली उत्पादन प्लांट का शिलान्यास किया था, लेकिन छह महीने बीतने के बाद नए शुगर मिल के नाम एक ईंट भी नहीं लगी है।
कैन मैनेजर पर लगाया अभद्र व्यवहार का आरोप
किसानों ने कैन मैनेजर पर अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाया हुआ है। इस बारे में शुगर मिल एमडी प्रद्यु मन सिंह ने कहा कि यदि किसी किसान के साथ शुगर मिल का कोई भी कर्मचारी व अधिकारी अभद्र व्यवहार करता है तो वह किसान इसकी शिकायत तुरंत उन्हें करे। कैन मैनेजर ने जिस किसान के साथ अभद्र व्यवहार किया है। वह मुझे मिले ओर पुरे मामले की जानकारी दे, ऊपर तुरंत कार्रवाई की जाएगी।
नए मिल को लेकर तीन बार हो चुकी मीटिंग : एमडी
एमडी शुगर मिल प्रद्युमन सिंह ने किसानों को आश्वासन दिया कि इस महीने ही उनकी नए शुगर मिल के निर्माण कार्य को शुरू करने को लेकर उच्च अधिकारियों के साथ तीन बार मीटिंग हो चुकी है। जल्द ही शुगर मिल का निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। इसके बाद उन्होंने किसानों की बकाया पेमेंट 38 करोड़ के बारे मे कहा कि इस सप्ताह शनिवार 28 जुलाई तक किसानों के खाते में 25 करोड़ रुपये पहुंच जाएंगे। वहीं, किसानों ने कैन मैनेजर द्वारा अभद्र व्यवहार के आरोप पर कहा कि अगर किसान लिखित में शिकायत दें तो जो भी उचित कार्रवाई होगी की जाएगी।