करनाल। कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज में 120 बेड का आईसीयू वार्ड बनेगा। इस पर काम शुरू हो चुका है। यह आईसीयू वार्ड मेडिकल कॉलेज के अस्पताल ब्लॉक की चौथी मंजिल पर बन रहा है। इस पर करीब 2.60 करोड़ रुपये खर्च होंगे। यह वार्ड तैयार होने के बाद मेडिकल कॉलेज में करीब 178 आईसीयू बेड हो जाएंगे।
कोरोना की दूसरी लहर में पॉजिटिव मरीजों को आईसीयू बेड नहीं मिल पाए थे इसी के चलते यह व्यवस्था की जा रही है। वहीं कोरोना की संभावित तीसरी लहर को देखते हुए भी यह निर्णय लिया गया है। मेडिकल कॉलेज के निदेशक डॉ. जगदीश दुरेजा ने बताया कि मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों के जितने पद खाली हैं उन पर नियुक्त के लिए भी अधिकारियों को पत्र भेजा गया है। मेडिकल कॉलेज में फिलहाल 58 आईसीयू बेड हैं।
बच्चों के लिए अलग से हैं आईसीयू वार्ड
मेडिकल कॉलेज में बच्चों के लिए अलग से व्यवस्था बनाई गई है। फिलहाल बच्चों के लिए करीब 94 आईसीयू बेड हैं। इनमें पिक्कू में 20 और 14 बेड का निक्कू वार्ड है। वहीं बच्चों के लिए 60 बेड का अलग से आईसीयू वार्ड बना है।
फिलहाल मेडिकल कॉलेज में 58 आईसीयू बेड
मेडिकल कॉलेज में फिलहाल 58 आईसीयू बेड हैं। जिनके अलग-अलग वार्ड बनाए गए हैं। इनमें 14-14 बेड के तीन अलग से वार्ड हैं वहीं 8-8 आईसीयू बेड के दो वार्ड अलग हैं।
कोरोना का जिले में अब एक ही मरीज
कई दिनों से कोरोना का नया केस नहीं आ रहा है। जिले में अब तक 5,24,580 लोगों के सैंपल लिए गए हैं। 4,82,984 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव और 40029 की रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। इनमें से 39476 मरीज ठीक होकर घर चले गए। फिलहाल जिले में कोरोना का एक ही केस है। 552 मरीजों की कोरोना से जान जा चुकी है।
मेडिकल कॉलेज में आईसीयू के बेड की संख्या बढ़ाई जा रही है। 120 बेड का अलग से आईसीयू वार्ड तैयार किया जा रहा है ताकि मरीजों को आईसीयू बेड के लिए भटकना न पड़े। इससे अलग डॉक्टरों, स्टाफ नर्स सहित अन्य कर्मचारियों के जितने भी खाली पद हैं। उन्हें भी जल्द भरने का प्रयास किया जा रहा है।
- डॉ. जगदीश दुरेजा, निदेशक कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज
अमर उजाला ई-पेपर फ्री में पढ़ने के लिए अमर उजाला ऐप डाउनलोड करें,
एकदम फ्री, ये ऑफर सीमित समय के लिए है।
अमर उजाला ई-पेपर डेली एक रुपये से भी कम, अभी
सब्सक्राइब करें और अपने शहर की हर खबर, हर समय, हर डिवाइस पर पाएं ।