धूमधाम से मनाया गुरु पूर्णिमा, कहीं हवन यज्ञ हुए तो कहीं पर लगाए भंडारे
करनाल। विवेकानंद वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में ‘गुरू पूर्णिमा’ उत्सव अत्यंत हर्षोल्लास से मनाया गया। कार्यक्रम की शुरूआत सरस्वती वंदना से की गई। सरस्वती वंदना के पश्चात हवन का आयोजन किया गया। छात्र-छात्राओं ने अपनी कविताओं एवं शब्दों के माध्यम से आचार्य के प्रति अपने भाव व्यक्त किए। विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. प्रमोद कुमार ने इस उत्सव की प्राचीन परंपरा को उजागर करते हुए कहा कि सृष्टि के आरंभ से लेकर अंत तक गुरू शिष्य की परंपरा हमेशा बनी रहेगी। प्रधानाचार्य ने सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
गुरु पूर्णिमा पर लगाया भंडारा
करनाल। श्री जगद् गुरु ब्रह्मानंद आश्रम निर्मल विहार करनाल में 25 से 27 जुलाई 2018 तक गुरु पूर्णिमा के उपलक्ष्य में तीन दिवसीय अखिल विश्व शांति गायत्री महायज्ञ व भंडारे का आयोजन श्री श्री महात्मा जगदेवानंद की अध्यक्षता में किया गया। शुक्रवार को यज्ञ व भंडारे में मुख्य अतिथि विधायक हरविंद्र कल्याण व विशिष्ठ अतिथि समाजसेवी संजय मेहला ने यज्ञ में आहुति डाली। यज्ञ में श्री कमलानन्द ने जगदगुरु ब्रह्मानन्द की जीवन लीला व उनकी शिक्षाओं के बारे में बताया। ब्रह्मानंद सेवा समिति के सदस्यों सतीश कुमार, रमेश कुमार, श्री मलखान सिंह, सरपंच श्री सुरेश कुमार, दिलीप सिंह, अमित कुमार, कमलेश देवी, सरोज देवी, गीता देवी आदि मौजूद रहे।