तेल चोरी मामले में टीम गठित, कार्रवाई तेज
घरौंडा। गांव कोहंड के पास धर्म कांटे के पीछे खाली गोदाम में टैंकरों से तेल चोरी करने के मामले में पुलिस टीम का गठन कर कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस गोदाम की सीसीटीवी फुटेज को खंगालने में जुटी हुई है। पुलिस ने गोदाम से काबू किए गए दोनों कारिंदों को न्यायालय में पेश कर दिया है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही तेल चोरी के गोरखधंधे में लिप्त सरगनाहों तक पहुंचा जाएगा। गौरतलब है कि वीरवार को पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि जीटी रोड पर कोहंड गांव के पास धर्मकांटे की आड़ में रिफाइनरी से आने वाले टैंकर से तेल निकाले जाने का अवैध कारोबार चल रहा है। थाना प्रभारी हरजिंद्र सिंह ने पुलिस टीम के साथ मौके पर छापेमारी की थी। पुलिस की अचानक छापेमारी से गोदाम में काम कर रहे लोगों में अफरा तफरी मच गई थी और गोदाम में काम कर रहे कारिंदों ने ख़ुफिय़ा रास्तों से भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस कर्मियों ने दो कारिंदों को दबोच लिया था। पुलिस को गोदाम के अंदर से करीब एक दर्जन ड्रम पड़े मिले। इनमें से पांच ड्रमों में डीजल भरा हुआ था और उसके साथ ही बड़ी मात्रा छोटे ड्रम व गाड़ियों से तेल निकालने के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले उपकरण भी बरामद किए थे। साथ ही पुलिस को गोदाम के अंदर टैंकर नंबर एचआर39डी 7135 खड़ा मिला था। साथ ही पुलिस ने गोदाम में लगे सीसीटीवी फुटेज को भी अपने कब्जे में ले लिया था। शुक्रवार को पुलिस ने गोदाम से काबू किए गए कारिंदे ड्राइवर संदीप व कर्मचारी रमेश को न्यायालय में पेश कर दिया है। पुलिस ने टीम का गठन कर जांच तेज कर दी है।
सरगनाहों तक पहुंचनें का प्रयास तेज
पुलिस मामले को लेकर पूरी तरह से गंभीर दिखाई दे रही है। पुलिस गोदाम में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगालने में जुटी हुई है। सीसीटीवी फुटेज में पुलिस को इस गोरखधंधे में लिप्त लोगों के बारे में अहम जानकारी मिल सकती है। हालांकि इस धंधे को ऑपरेट कर रहे सरगना अभी तक पुलिस गिरफ्त से बाहर है। पुलिस का दावा है कि जल्द से इस गोरखधंधे को चलाने वाले लोगों को काबू कर लिया जाएगा। इस बारे में थाना प्रभारी थाना प्रभारी हरजिंद्र सिंह ने बताया कि कोहंड के पास तेल टैंकर से तेल चोरी के मामले में टीम का गठन कर दिया गया है। सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है। गोदाम से पकड़े गए कारिंदों को न्यायालय में पेश कर दिया गया है। गोदाम में चल रहे अवैध कारोबार को चलाने वाले लोगों तक जल्द ही पहुंचा जाएगा।