कैथल। तीन वर्ष से सेना की भर्ती न निकलने के विरोध में मंगलवार को युवाओं का गुस्सा फूट पड़ा। भर्ती निकालने की मांग करते हुए युवकों ने मानव शृंखला बनाई और सड़क पर जाम लगाकर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने जमकर नारेबाजी की। कहा कि लंबे समय से सेना की भर्ती न निकलने के कारण जिन युवाओं की भर्ती की उम्र बीत चुकी है, उन्हें उम्र मेें छूट दी जाए।
विभिन्न शिक्षण संस्थानों और सेना भर्ती की तैयारी करने वाले युवा मंगलवार को सुबह 11 बजे पिहोवा चौक पर एकत्र हुए। सेना में भर्ती निकालने की मांग को लेकर युवकों ने मानव शृंखला बनाकर सड़क पर जाम लगा दिया। युवाओं ने लगभग 15 मिनट तक जाम लगाए रखा। पुलिस ने समझाया तो युवाओं ने वहां से जाम तो खोल दिया लेकिन युवा लघु सचिवालय पहुंच गए। वहां लगभग 20 मिनट तक सचिवालय के बाहर करनाल रोड पर जाम लगाए रखा। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने जाम खुलवाया और युवाओं को सचिवालय परिसर में एक जगह इकट्ठा होने को कहा। युवाओं ने सचिवालय में एकत्र होकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने कहा कि बीते तीन वर्ष से सरकार ने सेना की भर्ती नहीं निकाली। इससे अधिसंख्य युवाओं की भर्ती की उम्र बीत गई। सेना में भर्ती होने को लेकर युवाओं में काफी उत्साह है। कई वर्षों से युवा सुबह-शाम कड़ा अभ्यास कर रहे हैं, लेकिन भर्ती न निकलने के कारण उन्हें मौका नहीं मिल पा रहा है। युवाओं का सपना है कि वह सेना में जाकर देशसेवा करें। प्रदर्शनकारियों ने सरकार से मांग की कि शीघ्र भर्ती निकाली जाए और तीन साल की अवधि में जितने भी युवा सेना भर्ती की निर्धारित आयु से ओवरएज हो चुके हैं, उनको भर्ती होने के लिए उम्र में छूट प्रदान की जाए। ताकि युवा अपने सपनों को साकार कर सकें। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने जिला प्रशासन को मांगपत्र सौंपा।