संवाद न्यूज एजेंसी
गुहला-चीका। पतंजलि योग समिति चीका ने ताऊ देवीलाल पार्क में युवा तहसील प्रभारी महावीर प्रजापति के नेतृत्व में नियमित योग कक्षा का आयोजन किया। इस अवसर पर मुख्य योग शिक्षक रविंद्र उर्फ पाली ने “एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य” थीम के तहत आगामी 21 जून को मनाए जाने वाले 11वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों के तहत साधकों को प्रार्थना मंत्र के उच्चारण के साथ प्रोटोकॉल का अभ्यास कराया।
रविंद्र पाली ने साधकों को ताड़ासन, वृक्षासन, पादहस्तासन, अर्धचक्रासन, वज्रासन, उत्तानमंडुकासन, उष्ट्रासन, वक्रासन, मकरासन, शलभासन, सेतुबंधासन, उत्तानपादासन, पवनमुक्तासन, अर्धहलासन, अनुलोम-विलोम, कपालभाति और भ्रामरी जैसे आसनों और प्राणायामों का अभ्यास कराया। इन यौगिक क्रियाओं से होने वाले शारीरिक और मानसिक लाभों की भी जानकारी दी गई। रविंद्र पाली ने कहा कि 21 जून 2015 को पहला अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया गया था, जिसे संयुक्त राष्ट्र ने योग के वैश्विक लाभों को बढ़ावा देने के लिए घोषित किया था।
इस वर्ष का थीम एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य है, जो योग के माध्यम से सम्पूर्ण पृथ्वी और मानवता के स्वास्थ्य को बढ़ावा देने का संदेश देता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस थीम की घोषणा की और इसे एक महाकुंभ के रूप में मनाने की बात कही है। उन्होंने कहा कि स्वच्छ भारत-स्वस्थ भारत और फिट इंडिया जैसे कार्यक्रमों से प्रेरित होकर हमें भी स्वच्छता और स्वास्थ्य पर ध्यान देने की आवश्यकता है।
यदि हम स्वस्थ होंगे, तो हमारा समाज और राष्ट्र भी मजबूत होगा। इस अवसर पर मीडिया प्रभारी गुरमीत सीड़ा, डिंपल कुमार, दीपक जिंदल, रामपाल चावला, सुशील जिंदल, कश्मीर लाल गर्ग और अंगूरी देवी भी उपस्थित रहे।