कैथल। प्रदेश में लगातार बढ़ रही ठंड के बावजूद शिक्षा मंत्री कंवर पाल गुर्जर की ओर से प्रदेश के स्कूलों में शीतकालीन अवकाश नहीं करने की घोषणा की गई है। उन्हें अतिथि अध्यापकों के शिक्षा मंत्री के निवास पर चल रहे आंदोलन का भय सता रहा है। ये जानकारी प्रेस सचिव सतबीर गोयत ने दी।
हरियाणा विद्यालय अध्यापक संघ के राज्य प्रधान धर्मेंद्र ढांडा कहा कि मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार जनवरी के पहले सप्ताह में कड़ाके की ठंड पड़ने की संभावना है। इसके बाद भी शिक्षा मंत्री की ओर से 1 जनवरी से 15 जनवरी तक प्रदेश के स्कूलों में होने वाले शीतकालीन अवकाश को रद्द कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि विषयों का पाठ्यक्रम शरद कालीन अवकाश की वजह से प्रभावित नहीं होता, बल्कि हर रोज अध्यापकों पर थोपे जाने वाले गैर शैक्षणिक कार्यों के कारण ज्यादा प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि हरियाणा विद्यालय अध्यापक संघ की मांग है कि अध्यापकों से गैर शैक्षणिक कार्य लेने बंद किए जाएं। इसके अलावा स्कूलों में शैक्षणिक कैलेंडर के अनुसार होने वाले शीतकालीन अवकाश की जल्द से जल्द घोषणा की जाए। इस मौके पर महासचिव प्रभु सिंह, कोषाध्यक्ष संजीव सिंगला मौजूद रहे।