संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। जिले में अब मौसम बदल चुका है और सर्दी शुरू हो चुकी है। ऐसे में मौसम में बदलाव होने के बाद जिला नागरिक अस्पताल में स्थित बाल रोग वार्ड में ओपीडी बढ़ गई है। इस समय बच्चों में निमोनिया सहित खांसी व जुकाम और वायरल बुखार की शिकायत अधिक बढ़ी है। सर्दी शुरू होने के बाद अब प्रतिदिन 50 की बजाय 100 से 150 तक बच्चे अस्पताल में इलाज के लिए पहुंच रहे हैं।
इसके साथ ही खांसी जुकाम सहित वायरल बुखार अधिक हो रहा है। इस समस्या के बीच अब चिकित्सक बदलते मौसम में छोटे बच्चों का ख्याल रखने की अभिभावकों को सलाह दे रहे हैं। यही नहीं अब पीलिया व टाइफाइड भी बच्चों की सेहत बिगाड़ रहा है। अस्पताल में बनाए गए बाल रोग केंद्र में भी 20 से 25 मरीज दाखिल रहते हैं। अब सर्दी का मौसम शरीर का तापमान बिगाड़ रहा है। चिकित्सकों के अनुसार अभी पिछले 10 दिन की अपेक्षा 50 प्रतिशत तक की ओपीड़ी बढ़ी है। इस समय दो साल से लेकर पांच साल तक के बच्चे बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं।
जिला नागरिक अस्पताल में बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. अनिल अग्रवाल ने बताया कि सुबह और शाम के समय सर्दी हो चुकी है। इस कारण बच्चों के साथ ही अन्य लोगों में भी सर्दी, बुखार, खांसी की समस्या बढ़ गई है। चिकित्सकों का मानना है कि प्रदूषित पानी पीने के कारण बच्चों को यह परेशानी आ रही है।
उन्होंन बताया कि स्वास्थ्य में अगर कोई भी परेशानी होने पर तुरंत चिकित्सक की सलाह लें। अब गर्म कपड़े पहने। खासकर छोटे बच्चों का ध्यान रखना जरूरी है। बच्चों में टायफाइड, निमोनिया हो रहा है।
उन्होंने कहा कि जैसे ही बच्चों में कुछ अधिक बीमारी के लक्षण दिखते हैं तो उनका प्रमुखता से इलाज किया जाता है। अस्पताल में आने वाले मरीजों की बेहतर ढंग से देखभाल की जा रही है।