ढांड। प्रधानमंत्री आवास योजना की सूची से नाम कटने के विरोध में सोमवार को जाजनपुर के अनुसूचित जाति व पिछड़ा वर्ग के लोग भड़क गए। नाराज ग्रामीणों ने बीडीपीओ कार्यालय ढांड में प्रदर्शन किया। इस दौरान जमकर नारेबाजी की।
गांव की कुसुम देवी, निर्मला, सीमा, रानी, शीला, रोशनी, वीनू, बाला देवी, कविता देवी, गंगा, गीता रानी, कृष्णा देवी, रीना रानी, संतोष देवी, पानपोरी, सुलतान सिंह, मनदीप, सागर, महावीर सिंह, बीरा राम, राजा राम, जय सिंह, राजबीर सिंह व सुरेंद्र आदि ने बताया कि दो वर्ष पूर्व ग्राम पंचायत की ओर से प्रस्ताव पास कर सरकार को भेजा गया था। इसमें अनुसूचित जाति और पिछड़ा वर्ग के जरूरतमंद परिवारों को इसका लाभ देने की बात कही गई थी। लेकिन, कुछ अधिकारियों ने जानबूझ कर अब उनके नाम सूची से कटवा दिए हैं। इससे प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आशियाना मिलने की उम्मीद लगाए बैठे लोगों का सपना चकनाचूर हो गया है। ग्रामीणों का कहना है कि सभी लोग दिहाड़ी मजदूरी कर अपने परिवार का गुजारा कर रहे हैं। जमीन खरीदने के लिए पैसे नहीं हैं। ग्राम पंचायत और सरकार से आस लगाए बैठे थे लेकिन अधिकारियों ने आस पूरी नहीं होने दी। लोगों ने मांग की है कि प्रधानमंत्री आवास योजना में जोड़कर उन्हें आशियाना दिया जाए। बीडीपीओ ढांड श्याम लाल शर्मा ने कहा कि जाजनपुर के ग्रामीणों ने उन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना में शामिल करने के लिए मांगपत्र सौंपा है। आगामी कार्रवाई के लिए उसे उच्चाधिकारियों के पास भेजा जाएगा।