कैथल। जिलेभर की आईटीआई में अब दाखिले को महज एक सप्ताह बचा है। कैथल में जिला स्तर पर तो आईटीआई में सभी सीटें भरी जा चुकी हैं, लेकिन अभी महिला व अन्य निजी आईटीआई में सीटें नहीं भर पाई है। यहां पर करीब 10 प्रतिशत तक सीटें खाली हैं। इन रिक्त सीटों पर 30 सितंबर तक दाखिले किए जाएंगे।
जानकारी के अनुसार आईटीआई में अभी 30 सितंबर तक ओपन काउंसलिंग के तहत दाखिले होने हैं। शुरूआत में दाखिला प्रक्रिया पूरी होने के बाद खाली सीटों पर ऑन द स्पॉट दाखिला प्रक्रिया 13 अगस्त से शुरु की गई थी, जिसमें विद्यार्थियों को 23 अगस्त तक खाली सीटों पर ओपन काउंसलिंग कर मौके पर ही दाखिला करवाने का मौका दिया था। अब करीब 10 दिन पहले ही फिर से दाखिले की तिथि को बढ़ाकर 30 सितंबर किया गया है। इस समय प्रत्येक संस्थान में दस्तावेज सत्यापन के साथ फीस जमा कराने पर सीटें आवंटित की जा रही है। जिलेभर की कई निजी आईटीआई 10 से 15 प्रतिशत सीटें रिक्त बची हैं। विद्यार्थी अपनी रूचि के मुताबिक पसंदीदा कोर्स में आवेदन फार्म भरकर ओपन काउंसलिंग में दाखिला ले सकते हैं।
जिलेभर के 19 राजकीय व निजी आईटीआई में दाखिले के लिए अंतिम सप्ताह बाकी है। ऐसे में 30 सितंबर तक दाखिला करवाया जा सकता है। जिसमें विद्यार्थी संस्थानों में रिक्त सीटों पर अपनी रुचि के मुताबिक पसंदीदा कोर्स में दाखिला ले सकते हैं। ऐसे विद्यार्थियों के पास मौका है, जो किसी कारणवश अभी तक दाखिला नहीं ले सके।
- सतीश मच्छाल, प्राचार्य, राजकीय आईटीआई, कैथल।