संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। मोबाइल टॉवर लगवाने के नाम पर धोखाधड़ी मामले में साइबर क्राइम थाना के एएसआई जसबीर सिंह की टीम ने न्यू मॉडल टाउन हिसार निवासी आरोपी अशोक व हांसी निवासी आकाश को गिरफ्तार किया है।
सीवन निवासी हरीश कुमार की शिकायत के अनुसार, उसने 18 अप्रैल को यूट्यूब पर मोबाइल टावर लगवाने का विज्ञापन देखा था। इसके बाद उसने टावर लगवाने के लिए अप्लाई कर दिया। 19 अप्रैल को उसके पास एक कॉल आई।
कॉल करने वाले ने कहा कि मैं राजेश मिश्रा बात कर रहा हूं, आपने छत पर टावर लगवाने के लिए ऑनलाइन अप्लाई किया था। कुछ बात करने के बाद आरोपी ने कॉल काट दी और दोबारा 21 अप्रैल को कॉल की। उसने मोबाइल टावर लगवाने के लिए रजिस्ट्रेशन फीस के तौर पर 1150 रुपये मांगे।
आरोपी की ओर से भेजे गए स्कैनर पर उसने रुपये भेज दिए। इसके बाद उससे अलग-अलग खर्च के नाम पर एक लाख 48 हजार 740 रुपये ठग लिए। आरोपियों की डिमांड बढ़ती गई तो उसे अपने साथ हुई धोखाधड़ी का पता चला। साइबर क्राइम थाने में यह केस दर्ज कराया था। इस मामले में पहले ही दो आरोपी काबू किए जा चुके है। ये दोनों आरोपी भी उक्त धोखाधड़ी की वारदात में शामिल थे।
चेक बाउंस के मामले में नामित अारोपी गिरफ्तार
कैथल। चेक बाउंस के मामले में भगोड़ा पकड़ो स्टाफ ने कुरुक्षेत्र के रहने वाले नामित अपराधी गिरफ्तार किया है। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि आरोपी जसदेव गोगपुर का निवासी है। एचसी अनिल कुमार ने उसे गिरफ्तार किया। आरोपी जसदेव वर्ष 2018 दौरान चेक बाउंस के मामले में अदालत ने 31 नवंबर 2024 को भगोड़ा घोषित किया गया था। संवाद