10-कलायत। लोगों से बातचीत करते हुए इनेलो सुप्रीमो ओमप्रकाश चौटाला।
- फोटो : Kaithal
कलायत, पूंडरी। इनेलो सुप्रीमो ओमप्रकाश चौटाला ने बृहस्पतिवार को मौजूदा सरकार पर तीखे हमले किया। कलायत स्थित लाल चबूतरे पर उन्होंने लोगों से मुलाकात करने के बाद कहा कि जब वर्ष 2005 में इनेलो सरकार गई तो सरकारी खजाने में दो हजार करोड़ रुपये से ज्यादा राशि थी। उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार ढाई लाख करोड़ की कर्जदार है।
उन्होंने कहा कि हैरानी का यह विषय है कि जब प्रदेश में न सरकार के वायदे के अनुसार विकास हुआ और न बुनियादी सुविधाओं का ढांचा सुदृढ़ हुआ तो कर्ज कैसा? इस दौरान उन्होंने भिवानी में वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप जयंती पर नौ मई को आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय समारोह का क्षेत्र के लोगों को न्योता दिया। लाल चबूतरे पर मौजूद बड़े-बुजुर्गों और युवाओं ने उन्हें भरोसा दिलाया कि जयंती समारोह को ऐतिहासिक बनाने में वे कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। इसके बाद उन्होंने युवा इनेलो नेता सलिंद्र राणा के चाचा सुभाष राणा के आकस्मिक निधन पर शोक व्यक्त किया।
सरकार में चेयरमैन, निर्दलीय विधायक भी रहे मौजूद
पूंडरी। इनेलो सुप्रीमो एवं हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री ओम प्रकाश चौटाला ने पूंडरी के लोक निर्माण विभाग विश्रामगृह में मीडिया से बातचीत में भाजपा सरकार को जमकर कोसा। उनकी प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान सरकार में पशुपालन विभाग के चेयरमैन एवं निर्दलीय विधायक रणधीर गोलन साथ बैठे रहे। इस दौरान ओमप्रकाश चौटाला सरकार पर जमकर निशाना साधते रहे। चौटाला ने कहा कि किसानों के नुकसान की भरपाई करना सरकार का फर्ज बनता है।
चाहे इसमें सरकार को कितना भी नुकसान हो जाए। सरकार के नुकसान की भरपाई हो सकती है लेकिन किसानों के नुकसान की भरपाई नहीं हो सकती। स्कूलों में अध्यापक नहीं, अस्पतालों में डाक्टर नहीं और किसानों को सिंचाई के लिए तो दूर पीने को पानी नहीं मिल रहा है। इस मौके पर रामप्रकाश गोगी, शशि वालिया व ईश्वर मैहला सहित इनेलो के वरिष्ठ कार्यकर्ता मौजूद रहे।
गोलन की मौजूदगी बनीं चर्चा का विषय
जब पूंडरी में पूर्व मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला प्रदेश सरकार को पत्रकार वार्ता में भला बुरा कह रहे थे। तब हरियाणा पशुधन विकास बोर्ड के चेयरमैन रणधीर गोलन असहज महसूस करते हुए बुरार्ई सुनते रहे। चौटाला ने प्रदेश सरकार को ठगों का गिरोह बताया तो गोलन चौटाला की तरफ देखते रहे। चौटाला ने रणधीर गोलन को अपना खास करीबी भी बताया। हालांकि विधायक गोलन ने चौटाला के साथ भेंट को एक शिष्टाचार वश बताया।