कैथल। ट्यूबवेल कनेक्शन न मिलने से खफा किसानों ने सोमवार सुबह करीब 11 बजे पिहोवा चौक पर ट्रैक्टर ट्रॉली खड़ी कर जाम लगा दिया। करीब एक घंटा तक किसानों ने प्रदर्शन कर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। इन हालातों में पुलिस ने रूट डाटवर्ट कर ट्रैफिक व्यवस्था संभाली। इस बीच बिजली निगम कार्यालय में एक बार फिर से ताला जड़ दिया। शाम करीब चार बजे तक किसानों प्रदर्शन चलता रहा। हालांकि लोगों को ज्यादा दिक्कत न हो तभी घंटे भर बाद उन्होंने जाम खत्म कर दिया।
करीब आठ साल से बिजली कनेक्शन के लिए परेशान सैकड़ों किसानों का सब्र टूट गया है और वे लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं। सोमवार सुबह करीब नौ बजे बिजली घर में ट्रैक्टर-ट्राली सहित तमाम किसान एकत्रित हुए और फिर इसके बाद पिहोवा चौक स्थित कार्यालय के मुख्य गेट पर तालाबंदी की और मुख्य गेट के सामने अनशन पर बैठ गए। गौरतलब है कि कार्यालय पर किसानों ने अबकी दूसरा बार ताला लगाया। इससे पहले बीते सप्ताह भी घंटे भर के लिए कार्यालय में ताला वे जड़ चुके हैं लेकिन सोमवार को 10 बजे से चार बजे तक तालाबंदी रखी गई। इसके बाद ताला खोला गया।
किसानों ने चेतावनी दी है कि अगर दो दिन तक ट्यूबवेल कनेक्शन जारी नहीं हुए तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा। 15 जून से धान रोपाई का सीजन शुरू हो रहा है। नहरों में पानी नहीं आ हा है। इस कारण किसान अपनी फसल को तैयार नहीं कर पाएंगे। ड्रिप सिस्टम से किसान परेशान हो चुके है। जिला में धान की रोपाई होती है, इसलिए ड्रिप सिस्टम में धान की फसल तैयार नहीं हो पाएंगी। इसलिए जल्द से जल्द कनेक्शन जारी किए जाएं। सोमवार को अनशन पर महिपाल खुराना, राजाराम मानस, सुभाष मानस, गुरदेव व राकेश पंडित खेड़ी सिंबल वाली बैठे।
इस मौके पर प्रदेश उपाध्यक्ष होशियार गिल, विक्रम कसाना प्रदेश युवा उपाध्यक्ष, जिला प्रधान महाबीर नरड़, जगदेव बदसुई, धर्मपाल सरपंच नौच, कुलदीप खुराना, संजू, सोनू, खुशीराम शेरगढ़, गगनदीप खेड़ी गुलाम वाली, कुलवंत व बलजीत मौजूद रहे।
पुलिस रही मुस्तैद
पुलिस मुस्तैदी से बिजली घर के बाहर व अंदर कार्य सुचारू रूप से जारी रहे। पिहोवा चौक पर जाम लगने के बाद लोगों को आने-जाने में परेशानी न हो, इसके लिए आईजी कॉलेज के रास्ते से सीधे पुराने बस स्टैंड पर वाहनों को निकाला गया।
जाम के दौरान एंबुलेंस को दिया रास्ता
किसानों ने जाम के दौरान एंबुलेंस को रास्ता दिया। इमरजेंसी जाने वाले लोगों को भी नहीं रोका गया। वहीं निगम कार्यालय का कार्य भी प्रभावित नहीं हुआ। किसी किसान ने कार्यालय के अंदर प्रवेश नहीं किया। महिलाओं ने भी जाम के दौरान प्रदर्शन किया।
बिजली निगम के एसई कशिक मान ने कहा कि किसानों की मांग उच्च अधिकारियों को भेजी हुई है। वहीं जो किसान कनेक्शन की शर्तों को पूरा कर रहे है। उनको बिजली कनेक्शन भी निगम की तरफ से दिए जा रहे हैं।
15-कैथल। पिहोवा चौक पर ट्रैक्टर ट्राली लगाकर जाम लगाते हुए किसान।- फोटो : Kaithal
13-कैथल। पिहोवा चौक पर सरकार का पुतला जलाते हुए किसान।- फोटो : Kaithal