फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

निगम कार्यालय का घेराव करने पहुंचे किसानों और पुलिस में धक्का-मुक्की

विज्ञापन
There was a scuffle between the farmers and the police who came to gherao the corporation office - फोटो : Kaithal
विज्ञापन
कैथल। खेतों के बिजली कनेक्शनों की मांग के लिए बिजली निगम कार्यालय का घेराव करने पहुंचे किसानों और पुलिस के बीच जमकर झड़प हुई। मामला इतना ज्यादा बढ़ गया कि पुलिस कर्मियों को मौका संभालना मुश्किल हो गया। धक्का-मुक्की के दौरान निगम कार्यालय के मुख्य द्वार पर लगे शीशे भी टूट गए। किसानों ने मांगें रखने के लिए एसई कार्यालय में जाने का प्रयास किया तो पुलिस कर्मियों ने उन्हें कार्यालय की इमारत के बाहर ही रोक लिया। जब किसान नहीं रुके तो पुलिस ने हल्के बल का प्रयोग कर किसानों को धकेलते हुए कार्यालय से बाहर निकाल दिया। टकराव की स्थिति के बाद किसान मान गए और कार्यालय प्रांगण में गेट के पास धरने पर बैठ गए। बाद में निगम के एसई ने किसानों को जल्द कनेक्शन जारी होने का आश्वासन दिया। इसके बाद किसानों ने धरना-प्रदर्शन समाप्त किया।
विज्ञापन

इससे पूर्व जिलेभर से भारी संख्या में किसान जवाहर पार्क में एकत्रित हुए। वहां बैठक करने के बाद नारेबाजी करते हुए पिहोवा चौक से होकर बिजली निगम कार्यालय का घेराव करने पहुंचे। इस दौरान किसानों ने बिजली निगम के अधिकारियों और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की। किसान नेता होशियार सिंह गिल, जसविंदर ढुल, युवा प्रदेश अध्यक्ष विक्रम कसाना, महावीर सिंह, नरेंद्र, सुभाष, बलवान, संजय, रणधीर व कृष्ण ने बताया कि पहले तो निगम की ओर से खेतों में ट्यूबवेल कनेक्शन देने के लिए किसानों से रुपये जमा करवा लिए। किसानों ने लाखों रुपये खर्च कर खेतों में ट्यूबवेल भी लगवा लिए लेकिन 2014 से 18 तक के कनेक्शन अभी तक जारी नहीं किए गए हैं।
प्रदर्शन कर रहे किसानों ने कहा कि किसान बार-बार अधिकारियों के कार्यालयों में चक्कर लगा रहे लेकिन उनकी हर जगह अनदेखी हो रही है। इस कारण उन्होंने निगम कार्यालय के घेराव का फैसला लिया। साथ ही उन्होंने अधिकारियों को चेताया कि अगर जल्द कनेक्शन जारी नहीं किए गए तो एक सप्ताह बाद निगम कार्यालय पर अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया जाएगा। इसके अलावा किसानों ने खेतों में दी जा रही बिजली सप्लाई का भी समय बढ़ाने की मांग की। बिजली निगम के एसई कनिष्क मान ने किसानों को आश्वासन दिया कि जल्द ही कनेक्शन जारी करने से संबंधित कार्रवाई की जाएगी। निगम का प्रयास है कि यह कार्य जल्द से जल्द किया जाए। उनके आश्वासन के बाद किसान लौट गए।

There was a scuffle between the farmers and the police who came to gherao the corporation office- फोटो : Kaithal

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें