कैथल। पिछले तीन-चार दिनों में भले ही जिले में कोरोना संक्रमित मरीजों की मौत का आंकड़ा बढ़ा हो लेकिन नए कोरोना संक्रमितों के मिलने का सिलसिला कम हो गया है। प्रतिदिन मिलने वाले नए मरीजों की संख्या में तीन गुना तक कमी आई है। अब रोजाना 50 से कम कोरोना संक्रमित सामने आ रहे हैं, जबकि पहले रोजाना संक्रमित मिलने वाले लोगों की संख्या 100 से 150 के बीच रही। इसके पीछे टीकाकरण को भी प्रमुख उपाय माना जा रहा है।
रविवार को कोरोना संक्रमण के 19 नए मामले सामने आए, जबकि 131 संक्रमित मरीजों ने कोरोना को मात दे दी। अब जिले में 442 संक्रमित मरीज हैं। इनमें से 392 लोगों को घरों में आइसोलेट किया गया है। इसके अलावा सात मरीजों का इलाज नागरिक अस्पताल कैथल, एक एल्केमिस्ट मोहाली में, तीन का इलाज शाह अस्पताल, पीजीआई चंडीगढ़ में 20 मरीज, सिग्नस अस्पताल में छह, करनाल के कल्पना चावला अस्पताल में आठ, सेंट्रल अस्पताल हिसार में एक मरीज, नागरिक अस्पताल कुरुक्षेत्र में दो, अग्रवाल अस्पताल में एक और राजेंद्रा अस्पताल में एक मरीज का इलाज चल रहा है। स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट अनुसार जिले में 14 हजार 27 कोरोना के मरीजों में से 13 हजार 221 ठीक हो चुके हैं। जिले का रिकवरी रेट 94.2 प्रतिशत है। पॉजिटिव रेट 3.3 प्रतिशत है और मृत्यु दर 2.58 प्रतिशत है।
डीसी प्रदीप दहिया ने बताया कि जिले मेें अब तक 15 लाख 60 हजार 698 लोगों का टीकाकरण किया जा चुका है, जिनमें से आठ लाख 80 हजार 801 लोगों को पहली डोज, छह लाख 76 हजार 87 व्यक्तियों को दूसरी डोज और 3810 को बूस्टर डोज दी जा चुकी है। रविवार को 319 लोगों का टीकाकरण किया गया।