कैथल। साजिश के तहत विवाह रचने का ढोंग रचते हुए नकदी ऐंठने के मामले में पुलिस ने एक अन्य आरोपी खेड़ी लांबा निवासी जसमेर को जांच में शामिल किया है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि थाना कलायत के तहत एक गांव निवासी की शिकायत के अनुसार उसने अपने लड़का विवाह खेड़ी लांबा निवासी जसमेर के कहने पर पंजाब की रहने वाली रानी कौर से किया था। आरोपी जसमेर ने उसे सुरजीत, गगनदीप, भोली कौर व सोनी से उसके पुत्रवधू के परिजनों को मिलाया। जसमेर ने कहा कि परिवार गरीब है। विवाह का सारा खर्च उन्हेें उठाना पड़ेगा। 15 अक्तूबर 2020 को आरोपियों ने विवाह खर्च के नाम पर दो लाख रुपये ले लिए। विवाह के केवल चार दिन बाद पुत्रवधू रानी कौर पिता के बीमार होने की बात कहकर मायके पंजाब चली गई और फिर नहीं लौटी।
उन्होंने इस संबंध में जब जसमेर सिंह से बात की तो उसने भी संतोषजनक जवाब नहीं दिया। वे लोग उसके घर पहुंचे तो उन्होंने रानी कौर को भेजने से साफ मना कर दिया और कहा कि वे तो ऐसा ही करते हैं। आरोपियों ने एक षड्यंत्र के तहत विवाह करके उससे दो लाख रुपये हड़प कर उसके साथ धोखाधड़ी की है। मामले में पहले ही तीन आरोपी पंजाब के फरीदकोट की पीबी कॉलोनी निवासी बलविंद्र उर्फ गगनदीप, पंजाब के अकालिया जिला मानसा निवासी सुरजीत व भोली कौर को जांच में शामिल किया जा चुका है। अब पुलिस ने आरोपी जसमेर को भी जांच में शामिल किया है।