संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल/राजौंद। जिले में शिक्षा विभाग की ओर से सुपर-100 योजना के तहत लेवल वन की परीक्षा का आयोजन किया गया। इस परीक्षा के लिए जिले में सात परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। यह परीक्षा सुबह साढ़े 11 बजे से शुरू हुई, जिसमें कुल 2160 छात्रों ने हिस्सा लिया।
सरकार की ओर से संचालित यह योजना राज्य के मेधावी छात्रों को इंजीनियरिंग और मेडिकल प्रवेश परीक्षाओं की निशुल्क कोचिंग प्रदान करती है। सरकार की इस पहल के तहत हर वर्ष चुने गए छात्रों को कोचिंग, अध्ययन सामग्री और आवासीय सुविधाएं दी जाती हैं। यह हरियाणा सरकार व विकल्प संस्थान का संयुक्त उपक्रम है। वर्ष 2018 से पूरे हरियाणा में यह कार्यक्रम लागू है। वर्तमान में सुपर-100 का कैंपस कुरुक्षेत्र में है।
वर्ष 2024 में इस योजना के तहत 62 छात्रों ने जेईई एडवांस्ड और 90 छात्रों ने नीट परीक्षा में सफलता प्राप्त की थी। परीक्षा में शामिल होने वाले छात्र रवि, शुभम और सुरेश ने कहा कि प्रश्न पत्र संतुलित था, जिसमें गणित, भौतिकी, रसायन और जीवविज्ञान, रिजनिंग के सवाल शामिल रहे।
यह रहेगी अगले चरण की प्रक्रिया : जिला विज्ञान विशेषज्ञ अनिल तंवर ने बताया परीक्षा के परिणामों की घोषणा जल्द ही शिक्षा विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर की जाएगी। सुपर-100 लेवल-वन में पास छात्रों को सुपर-100 लेवल -दो में भाग लेने का मौका मिलेगा सुपर-100 लेवल-दो की परीक्षा सुपर -100 कैंपस कुरुक्षेत्र में ली जाएगी। इसके बाद सुपर-100 कोचिंग सेंटर में प्रवेश दिया जाएगा, जहां उन्हें देश के बेहतरीन शिक्षकों द्वारा प्रशिक्षण मिलेगा।
जिला शिक्षा अधिकारी रामदिया गागट ने बताया की प्रति वर्ष यह प्रतियोगिता आयोजित करवाई जाती है जिससे पास करने वाले विधार्थी फिर अपने सपनों को पूरा करने की और अग्रसर होते हैं। सुपर-100 लेवल -एक पास करने वाले विद्यार्थी को सुपर-100 लेवल -दो में भाग लेने का मौका मिलेगा।
कलायत में सुपर 100 कार्यक्रम के तहत कलायत खंड के 252 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी। खंड शिक्षा अधिकारी सुरेश सिंगला ने बताया कि कलायत खंड में राजकीय माडल संस्कृति स्कूल मेंं केंद्र बनाया गया था।
सुपर 100 कार्यक्रम का उद्देश्य आईआईटी-जेईई और नीट जैसी परीक्षाओं की नि:शुल्क एवं गुणवत्तापूर्ण तैयारी करवाना है। चयनित विद्यार्थियों को आवास, भोजन, अध्ययन सामग्री, ड्रेस सहित निर्धारित सभी सुविधाएं हरियाणा सरकार की ओर से नि:शुल्क प्रदान की जाती हैं।
खंड
विद्यार्थी
कलायत
252
गुहला एट चीका
263
कैथल
659
पूंडरी
455
राजौंद
310
सीवन
221
यहां बनाएं गए थे परीक्षा केंद्र
1. राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कैथल।
2. राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय जाखौली अड्डा।
3. राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय चीका।
4. राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, कलायत।
5. राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पूंडरी।
6. राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, राजौंद।
7. राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सीवन।