कैथल। महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से सोमवार को महाराजा सूरजमल स्टेडियम में जिला स्तरीय ग्रामीण महिलाओं की खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिला कार्यक्रम अधिकारी नीतू पूनिया ने प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। मुख्य रूप से 300 मीटर दौड़, 400 मीटर दौड़, 5 किलोमीटर की साइकिल रेस, मटका दौड़, आलू दौड़ व 100 मीटर दौड़ श्रेणी में मुकाबले करवाए गए। प्रतियोगिता में मटका दौड़ में सुनीता और आलू दौड़ में सुशीला ने बाजी मारी।
जिला कार्यक्रम अधिकारी नीतू पूनिया ने बताया कि इससे पहले यह प्रतियोगिता ब्लॉक स्तर पर करवाई गई थी। जो महिलाएं ब्लॉक स्तर पर प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान पर रही थीं, उन्हीं महिलाओं ने जिला स्तर पर प्रतियोगिता में भाग लिया है। जो महिलाएं जिला स्तर पर प्रथम रहेंगी, वे राज्य स्तर पर होने वाली प्रतियोगिता में भाग ले सकेंगी। जिला स्तर पर प्रथम स्थान पर आने वाली महिलाओं को 4100 रुपये, द्वितीय स्थान पर आने वाली महिलाओं को 3100 रुपये व तृतीय स्थान पर आने वाली महिलाओं को 2100 रुपये की इनाम राशि विभाग की ओर से दी जाएगी। यह राशि विजेता महिलाओं के सीधे खातों में डाली जाएगी। इसके अलावा प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान पर आने वाली महिलाओं को प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर महिला एवं बाल विकास परियोजना अधिकारी कमलेश गर्ग, गुरजीत कौर, शशि बाला, सुमन पाहुजा, अनीता नैन, बॉक्सिंग कोच गुरमीत, विजय चौहान व कोच अनूप धीमान मौजूद रहे।
ये रहे परिणाम
300 मीटर रेस में पट्टी अफगान से शीतल प्रथम, सेरधा से ममता द्वितीय व सिंगवाल से काजल तृतीय स्थान पर रही। 400 मीटर रेस में पट्टी अफगान से निकिता प्रथम, वजीर नगर से रीना द्वितीय व मानस से तमन्ना तृतीय स्थान पर रही। पांच किलोमीटर साइकिल रेस में क्योड़कसे कोमल प्रथम, खानपूर से अंजना द्वितीय व नेवल से मनीषा तृतीय स्थान पर रही। मटका दौड़ में काकौत से सुनीता प्रथम, रसूलपुर से मीना द्वितीय व करोड़ा से सुमन तृतीय स्थान पर रही। आलू दौड़ में बालू से सुशीला प्रथम, चंदाना गेट कैथल से निशू द्वितीय व खरक पांडवा से संतोष तृतीय स्थान पर रही। 100 मीटर रेस में जटेड़ी से रीना प्रथम, शक्ति नगर कैथल से बाला रानी द्वितीय व फिरोजपुर से परविंदर तृतीय स्थान पर रही।
Sunita in matka race and Sushila won in potato race- फोटो : Kaithal