कैथल। चंडीगढ़-हिसार राष्ट्रीय राजमार्ग पर तितरम मोड पर ओवर ब्रिज के निकट शुक्रवार को एक ट्रक और कार की टक्कर में जींद के गांव फरैण निवासी पुलिस सब इंस्पेक्टर की मौत हो गई। वह अपने दोस्त के विवाह समारोह में भाग लेकर वापस लौट रहे थे। इस हादसे में कार के परखच्चे उड़ गए।
कैथल के थाना सिविल लाइन में कार्यरत जींद के गांव फरैण निवासी जगदीश (46) शुक्रवार की सुबह फतेहाबाद के गांव नेहला निवासी अपने दोस्त कर्मजीत के विवाह में भाग लेकर लौट रहा था। जैसे ही वह तितरम मोड पर ओवर ब्रिज के निकट पहुंचा, उसकी कार की ट्रक से टक्कर हो गई। राहगीरों की सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस मौके ने उसे बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जगदीश को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने जींद के गांव फरैण निवासी मृतक के चचेरे भाई विक्रम की शिकायत पर अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया। वहीं जगदीश की मौत की खबर सुनकर कई पुलिस कर्मचारी अस्पताल पहुंचे। बताया जा रहा है कि मृतक जगदीश ने पहले आर्मी में नौकरी की। वहां से सेवानिवृत्ति के बाद वह पुलिस में बतौर सिपाही भर्ती हुए थे। इसके बाद पूर्व सैनिक कोटे से वर्ष 2019 में वह सब इंस्पेक्टर पद पर नियुक्त हुए। इस समय वे कैथल के सिविल लाइन पुलिस थाने में कार्यरत थे। तितरम थाना प्रभारी सुरेंद्र कुमार ने बताया कि दर्दनाक हादसे में सब इंस्पेक्टर जगदीश की मौत हुई है। पुलिस मामले में नियमानुसार जांच कर रही है।