कैथल। तितरम मोड़ पर युवाओं के लिए जल्द ही खेल एवं प्रशिक्षण संस्थान का निर्माण किया जाएगा। इससे आसपास के दर्जनों गांव के हजारों युवाओं को फायदा होगा। ग्राम पंचायत तितरम ने खेल एवं प्रशिक्षण संस्थान के लिए लगभग आठ एकड़ जमीन देने का प्रस्ताव पास किया है।
गौरतलब है कि युवाओं के भविष्य को देखते हुए सर छोटू राम विचार मंच ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित गांव पंचायत तितरम की जमीन पर खेल एवं प्रशिक्षण संस्थान का निर्माण करवाने का सुझाव पूर्व केंद्रीय मंत्री चौधरी बीरेंद्र सिंह के समक्ष रखा था। मंच के जिला अध्यक्ष सुरेंद्र ढुल ने बताया कि तितरम मोड़ कलायत विधानसभा का केंद्र बिंदु है। इस क्षेत्र में युवाओं के लिए खेल एवं प्रशिक्षण संस्थान की कमी खल रही थी, जिस कारण से युवा भर्ती व खेलों के तैयारी नहीं कर पा रहे थे। मंच ने इसे देखते हुए इसे बनवाने का निर्णय लिया है। इसके लिए मंच के सदस्यों ने पहले चौधरी बीरेंद्र सिंह के सामने यह प्रस्ताव रखा था। इसके बाद चौधरी बीरेंद्र सिंह ने सीएम मनोहर लाल को पत्र भेजा और व्यक्तिगत तौर पर भी मिले। इस पर अब सीएम नेे इस प्रस्ताव की स्वीकृति दे दी है।
सुरेंद्र ढुल ने बताया है कि खेल एवं प्रशिक्षण संस्थान बनने के गांव हरसौला, कैलरम, देवबन, चंदाना, सहारन, खेड़ी शेरु, प्यौदा, बाता, दुमाड़ा सहित अन्य कई गांव के युवाओं को विशेष तौर पर लाभ होगा। उन्होंने बताया कि सीएम ने सर छोटू राम के नाम से एक सामुदायिक केंद्र की स्वीकृति प्रदान की है, जो निर्माणाधीन है। इस सामुदायिक केंद्र के निर्माण से ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को विवाह, शादी एवं अन्य सामाजिक एवं राजनीतिक आयोजन करने के लिए सुगम एवं सस्ता स्थान उपलब्ध होगा। कैथल जिले में प्रदेश सरकार की ओर से ग्रामीण क्षेत्र में यह सबसे बड़ा प्रोजेक्ट है। इसकी लागत करीब डेढ़ करोड़ रुपये है।