कैथल। हरियाणा बोर्ड की 10वीं की अंग्रेजी विषय की परीक्षा में सोमवार को नकल सामग्री के साथ सात परीक्षार्थियों को पकड़ा गया। सभी ने नकल की पर्ची के साथ परीक्षा केंद्र में प्रवेश किया था। बोर्ड के उड़नदस्ते ने नकल के इन मामलों की रिपोर्ट बनाकर कार्रवाई के लिए उच्चाधिकारियों को भेज दी।
सोमवार को अंग्रेजी की परीक्षा दोपहर साढ़े 12 बजे शुरू हुई। परीक्षा दोपहर बाद तीन बजे तक चली। 79 केंद्रों पर हुई परीक्षा की देखरेख के लिए बोर्ड के 11 उड़न दस्ते क्षेत्र में भ्रमण करते रहे। 10 हजार से अधिक छात्र-छात्राओं ने अंग्रेजी की परीक्षा दी। परीक्षा के दौरान नकल के तीन मामले कुराड़ में, दो कैथल में और एक-एक मामले बालू और सीवन में सामने आए। जिला शिक्षा अधिकारी अनिल शर्मा ने कहा कि नकल की सूचना बोर्ड के उच्चाधिकारियों को दे दी गई। वहां से जो निर्देश प्राप्त होंगे, उसके हिसाब से आगे की कार्रवाई की जाएगी।