कैथल। कैथल, कुरुक्षेत्र और अंबाला से होकर जाने वाली दौलतपुर चौक-जयपुर चंडीगढ़ इंटरसिटी एक्सप्रेस रेल लाइन का विस्तार हो गया है। अब यह ट्रेन जयपुर से आगे अहमदाबाद के साबरमती आश्रम स्टेशन तक जाएगी। ट्रेन नंबर 19717-19718 और 0911/12 साबरमती-अजमेर सुपरफास्ट को मर्ज किया गया है। इस ट्रेन से अब हिमाचल, पंजाब और हरियाणा सहित राजस्थान के लोग गुजरात की यात्रा कर सकेंगे। दौलतपुर चौक-जयपुर चंडीगढ़ इंटरसिटी कैथल से होकर गुजरने वाली एकमात्र एक्सप्रेस ट्रेन है। रेल यात्री कल्याण समिति के चेयरमैन सतपाल गुप्ता ने बताया कि इस ट्रेन से वर्तमान में लोग हिमाचल के शक्ति पीठ मां नैना दैवी, चिंतपूर्णी और ज्वाला जी तक दर्शन के लिए जाते हैं। राजस्थान में सालासर, बालाजी और खाटू श्याम के दर्शन के लिए भी यात्री जाते हैं। अब इस ट्रेन का गुजरात तक विस्तार होने के बाद जिले ही नहीं, बल्कि अंबाला, कुरुक्षेत्र, रोहतक, झज्जर, कैथल और रेवाड़ी के लोग भी गुजरात तक पहुंच सकेंगे। इस ट्रेन का संचालन सोमवार दोपहर में शुरू हो गया। यह ट्रेन मंगलवार को हरियाणा में पहुंचेगी और अगले दिन बुधवार को वापस गुजरात की ओर रवाना होगी। अब तक रेलवे ने इसकी समय सारिणी को लेकर नई जानकारी नहीं दी है। इसकी समय सारिणी भी जल्द ही बदली जा सकती है। इस गाड़ी को आगे करवाने में रेलयात्री कल्याण समिति के प्रयास भी काम आए।
समिति ने कुरुक्षेत्र सांसद नायब सिंह सैनी एवं कैथल विधायक लीलाराम से मांग की है कि तीन गाड़ियां जो कैथल से होकर चलाई जा सकती हैं उन्हें चलवाने का प्रयास करें। इस मौके पर प्रधान लाजपत राय सिंगला, चेयरमैन सतपाल गुप्ता, महासचिव ओमप्रकाश मढाढ, एसडी बंसल, बलवंत जाटान, अश्वनी शर्मा, सुरेंद्र अरोडा, डॉ. बीरबल दलाल, रामकरण, अमित गुप्ता आदि मौजूद रहे।