कैथल। गांव धौंस में रात को एक व्यक्ति के बाड़े में घुसकर हमला करने व हवाई फायर करने वाले सात आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि धौंस निवासी प्रीतम ने पुलिस को शिकायत दी थी कि वह गांव धौंस में कृषि भूमि का मालिक है। वहां पर दीपा, सुरेंद्र, भीम सिंह, रामपाल, मेघराज, शीशपाल, ऋषिपाल व कर्म सिंह उसे उसकी भूमि से बेदखल करके जमीन को हड़पना चाहते हैं।
इसी रंजिश में 12 फरवरी की रात को सभी आरोपी उसके बाड़े में जबरदस्ती घुस गए। पहले आरोपियों ने उस पर हमला किया। इसके बाद उसके ट्रैक्टर में आग लगानी चाही और हवाई फायर कर जान से मारने की धमकी दे कर फरार हो गए। पुलिस ने शिकायत के अनुसार केस दर्ज किया था। जिसमें अब कठवाड़ निवासी मेघराज, शीशपाल, प्रवीण, ऋषिपाल, प्रेमचंद, धर्मपाल उर्फ राजपाल व कर्म सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने वारदात में प्रयोग बाइक सहित अन्य सामान कब्जे में लिया है। पुलिस मामले में आगामी कार्रवाई कर रही है।