हरियाणा के कैथल जिले में महिला एएसआई से दुष्कर्म करने, गर्भपात करवाने के मामले में वांछित जजपा नेता रहे संदीप गढ़ी को सीआईए-2 टीम ने मुंबई से गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही उसे भागने में मदद करने वाले एक अन्य युवक को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। दोनों से पूछताछ जारी है। शनिवार को दोनों को अदालत में पेश किया जाएगा।
महिला एएसआई की शिकायत पर थाना शहर में मामला दर्ज किया गया था, जिसमें पीड़िता ने बताया था कि वह शादीशुदा है। किसी कारण से वह अपने पति से अलग रहती है। इसी दौरान जनवरी 2016 में गांव गढ़ी निवासी संदीप से उसकी मुलाकात हुई थी, जिसने उसे कहा था कि वह अविवाहित है और उससे शादी करना चाहता है।
आरोप है कि झूठ बोल कर दोस्ती करने के बाद आरोपी ने जूस में नशीला पदार्थ पिलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया और उसकी अश्लील फोटो भी खींच ली। इसके बाद आरोपी उसे ब्लैकमेल कर दुष्कर्म करता रहा। शिकायत में बताया गया कि वर्ष 2018 में आरोपी उसके घर से 20 तोले सोना निकालकर ले गया और पूछने पर बताया कि वह जुआ में हार गया।
दिसंबर 2020 में गर्भवती होने के बाद उसने आरोपी संदीप से शादी के लिए कहा। इस पर आरोपी और उसकी पत्नी ने जनवरी-2021 में जबरन दवा देकर गर्भपात करा दिया। शिकायत के अनुसार संदीप, उसकी पत्नी और एक युवक गौरव द्वारा आपराधिक षड्यंत्र के तहत उसका शारीरिक और मानसिक शोषण किया गया। इसके बाद उसके फोटो पर गंदे कमेंट लिखकर थाने में भेजे गए।
यह भी पढ़ें : हरियाणा: ठेका कर्मचारियों के वेतन मामले ने पकड़ा तूल, दस जिलों के सीएमओ चार्जशीट, ठेकेदारों पर होगी एफआईआर
एसपी लोकेंद्र सिंह ने बताया कि उक्त शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ थाना शहर में मामला दर्ज किया गया था, जिसमें अब सीआईए-2 की टीम ने प्रभारी की अगुवाई में आरोपी संदीप गढ़ी को मुंबई से गिरफ्तार कर लिया है।
संदीप को भागने में मदद कर रहे सुरेंद्र उर्फ काला निवासी खुराना को भी पुलिस द्वारा गिरफ्तार किया गया है। इस मामले में आगामी जांच महिला इंस्पेक्टर नन्हीं देवी द्वारा करते हुए आरोपियों को शनिवार को अदालत में पेश किया जाएगा।
विदित हो कि आरोपी संदीप गढ़ी ने इन आरोपों को नकारते हुए इसे अपने साथ ब्लैकमेलिंग का मामला बताया था। उसने कहा था कि यह महिला कर्मचारी उससे बीस लाख रुपये मांग रही है, जो उसके पास देने को नहीं हैं।