RTPCR lab started in Kalayat, relief from sending samples to Panchkula or Karnal for corona test
- फोटो : Kaithal
कैथल। कोरोना की दूसरी लहर के दौरान मई 2021 में शुरू हुआ कलायत में आरटीपीसीआर लैब बनाने का कार्य आखिरकार पूरा हो ही गया है। अब जिले में स्थानीय स्तर पर ही सैंपलों की जांच का कार्य भी शुरू हो गया है। चार दिन पहले शुरू हुई लैब में अब तक 2586 से ज्यादा व्यक्तियों के सैंपल लेकर उनकी जांच की जा चुकी है।
कोरोना की तीसरी लहर में किसी व्यक्ति को अब सैंपल की रिपोर्ट के लिए ज्यादा इंतजार नहीं करना पड़ेगा।
गौरतलब है कि इससे पहले कोरोना जांच के लिए सैंपल करनाल, हिसार या फिर पंचकूला भेजे जा रहे थे। सैंपल की रिपोर्ट आने में लोगों को करीब एक-एक सप्ताह तक इंतजार करना पड़ा। निगेटिव होते हुए भी लोगों को कई-कई दिन खुद को आइसोलेट करना पड़ा। अब सैंपल भेजने के अगले दिन ही व्यक्ति को रिपोर्ट मिल जाएगी। सिविल सर्जन डॉ. जयंत आहूजा ने बताया कि लैब में जांच का कार्य जारी है। अब जिले में ही सैंपलों की जांच हो रही है।
लैब में लगे कर्मचारियों ने की बकाया मानदेय देने की मांग
लैब में काम कर रहे ठेके पर लगे कर्मचारियों ने सिविल सर्जन को पत्र लिखकर बकाया मानदेय दिलवाने की मांग की है। कर्मचारी विजय, वीरेंद्र, मनोज, सतनाम, राहुल व अशोक ने बताया कि वे कई किलोमीटर से लैब में काम करने के लिए आते हैं। उनका दो माह का मानदेय व आठ माह का पीएफ रुका हुआ है। लैब में काम करना भी खतरे से खाली नहीं है। उन्होंने मांग की कि उनका मानदेय व पीएफ जल्द दिलाया जाए।