संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। जिले में भैया दूज पर रोडवेज ने यात्रियों की सुविधा के लिए पूरी तैयारी कर ली है। अफसरों के मुताबिक, सभी रूटों पर बसों का पुख्ता इंतजाम किया गया है और जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त बसों का संचालन किया जाएगा।
बुधवार को रोडवेज डिपो से दिल्ली, गुरुग्राम, जींद, चंडीगढ़ सहित अन्य रूटों पर यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए बसों के फेरे बढ़ाए गए। कुछ प्रमुख रूटों पर यात्रियों ने बसों का इंतजार करते हुए भीड़ लगाई।
यात्रियों के सुविधाजनक आवागमन के लिए चालक और परिचालकों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं। डिपो में मौजूदा समय में करीब 200 बसें मौजूद हैं, जिनमें रोडवेज, किलोमीटर और प्राइवेट बसें शामिल हैं।
रोडवेज अधिकारियों ने कहा कि भैया दूज पर दिल्ली, जींद, कुरुक्षेत्र और अंबाला रूटों पर भीड़ अधिक रहने की संभावना है। इस कारण लोकल रूटों पर भी बसों के फेरे बढ़ाए जा सकते हैं, ताकि यात्रियों को अपने गंतव्य तक समय पर पहुंचने में कोई परेशानी न हो।