मार्केटिंग बोर्ड कलायत और गुहला चीका ब्लॉक में तीन करोड़ रुपये की लागत से चार सड़कों को नए सिरे से बनाया जाएगा। मार्केटिंग बोर्ड की तरफ से टेंडर लगा दिया गया है।
बता दें कि मरम्मत के अभाव में पिछले कई वर्षों से सड़कें गड्ढों में तब्दील हो चुकी हैं। अब इन सड़कों के सुधारीकरण के बाद कई गांवों के लोगों के आवाजाही में आसानी होगी। मार्केटिंग बोर्ड की ओर से भेजे गए प्रस्ताव के बाद इन सड़कों की मरम्मत करने के लिए मंजूरी मिली है। इन सड़कों की लंबाई पांच किलोमीटर से लेकर दस किलोमीटर के बीच है। डेढ़ माह के अंदर इन सड़कों की मरम्मत शुरू की जाएगी।
नए सिरे से सड़कों का निर्माण व मरम्मत हो जाने के बाद ग्रामीणों को राहत मिलेगी। इन सड़कों की मरम्मत करवाने व नए सिरे से बनवाने को लेकर ग्रामीण सरकार व प्रशासन से मिल चुके थे। बता दें कि खस्ताहाल सड़कों से कई बार दुर्घटनाएं होने का खतरा रहता था। दोपहिया वाहन चालकों को सबसे ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ता था।
इन सडक़ों की होगी मरम्मत-
गुहला चीका के मेघड़ा से महमदूपुर, शादीपुर सेमरहेड़ी, सिणध से कोयल, कैलरम से गुलियाणा सड़कों को नए सिरे से बनाने का कार्य किया जाएगा। बालू, सौंगरी, गुलियाना, रोहेड़ा की डेरों को जाने वाली कई सडक़ों की मरम्मत का कार्य होगा। सभी सड़कों की मरम्मत के लिए टेंडर लगा दिए गए हैं। मार्केटिंग बोर्ड के अनुसार जल्द ही सड़कों की मरम्मत का कार्य शुरू हो जाएगा।
मार्केटिंग बोर्ड के एक्सइन सतपाल गोपेरा ने बताया कि खस्ताहाल सड़कों की मरम्मत व दोबारा निर्माण का कार्य करवाया जा रहा है। तीन करोड़ रुपये की लागत से निर्माण कार्य किया जाएगा। टेंडर लगा दिए गए हैं। सभी सड़कों पर डेढ़ माह के अंदर काम शुरू हो जाएगा। सड़कों की चौड़ाई 12 फुट से 18 फुट बढ़ाई जाएगी।