कैथल-जींद मार्ग पर स्थित कसान व तारागढ़ के बीच वीरवार सुबह एक मैक्सी कैब असंतुलित होकर पेड़ से जा टकराई। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई। जबकि 8 को गंभीर चोटें आई हैं। इन घायलों में से एक स्टाफ नर्स सहित दो को गंभीर हालत के कारण पीजीआई रेफर किया गया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर ड्राइवर की लापरवाही का केस दर्ज कर लिया है।
सौंगरी निवासी मनोज ने बताया कि सुबह करीब साढ़े नौ बजे वे एक मैक्सी कैब में बैठे थे। कैब में उसके साथ करीब 8-10 व्यक्ति व एक महिला थी। कसान व तारागढ़ के पास में ड्रेन से निकलते ही सामने से एक ट्रक व एक अन्य वाहन कैब के आगे आ गया। उसके ड्राइवर ने कैब को को एक ओर उतार दिया ओर यह सड़क के किनारे खड़े पेड़ से जा टकराई। पेड़ के साथ हुई टक्कर में सौंगरी निवासी कप्तान सिंह, गुलियाना निवासी रीतु, बजिन्द्र, सुभाष, रामनरेश, राजेंद्र, सौंगरी निवासी बिजेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को सामान्य अस्पताल में भर्ती करवाया गया।
जहां पर सौंगरी निवासी कप्तान को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। जबकि महिला रीतु व सौंगरी निवासी बिजेंद्र को पीजीआई रेफर किया गया है। रीतू निजी अस्पताल में स्टाफ नर्स है।
जांच अधिकारी एएसआई दलबीर सिंह ने बताया कि पुलिस ने सौंगरी निवासी मनोज कुमार की शिकायत पर चालक की लापरवाही का केस दर्ज कर लिया है। हादसे में महिला सहित कई व्यक्ति घायल है। जिनका इलाज चल रहा है।
कोचिंग सेंटर पर कोचिंग देता था कप्तान
सौंगरी निवासी कप्तान एक कोचिंग सेंटर पर कोचिंग देता था। हादसे का पता चलते ही कोचिंग सेंटर से विद्यार्थी व स्टाफ सदस्यों की अस्पताल में भीड़ उड़ पड़ी। कोचिंग लेने वाले विद्यार्थी शोक में डूबे हुए थे। वहीं, पीजीआई रेफर महिला रीतु शहर के निजी अस्पताल में स्टाफ नर्स के पद पर कार्यरत है। वह सुबह अस्पताल में ड्यूटी के लिए आ ही थी।