वीरवार को लगातार 14वें दिन हड़ताल जारी रखते हुए सराफ और स्वर्णकार दिल्ली रवाना हो गए। हड़ताल के कारण जहां दुकानदारों का नुकसान बढ़ता जा रहा है। वहीं आम जनता को ज्यादा परेशानियां हो रही हैं।
वीरवार सुबह दिल्ली रैली के लिए भारी संख्या में सर्राफ, स्वर्णकार व अन्य इसी ट्रेड से जुड़े दुकानदार कमेटी चौक पर एकत्रित हुए और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। सर्राफा एसोसिएशन के प्रधान राजेंद्र गोयल सर्राफ व स्वर्णकार सभा के जिला प्रधान विनोद कुमार सोनी ने कहा कि जब तक केंद्र सरकार सोने पर लगाए गए 1 प्रतिशत एक्साइज ड्यूटी व 2 लाख पर पैन कार्ड की अनिवार्यता खत्म नहीं करती तब तक उनका धरना ज्यों का त्यों जारी रहेगा। पूरे देश भर के सराफ व स्वर्णकार इस मुद्दे पर एकजुट हैं तथा सरकार को अपना यह काला कानून वापस लेना ही पड़ेगा।
उन्होंने कहा कि रैली में देश भर से 10 लाख से अधिक सराफ व स्वर्णकार भाग लेंगे और सरकार को जब्री थोपे गए काले कानून को वापस लेने के लिए मजबूर करेंगे। अगर इसके बाद भी सरकार नहीं जागी तो हड़ताल अनिश्चितकालीन के लिए शुरू कर दी जाएगी, जिसके लिए सरकार पूरी तरह से जिम्मेवार होगी। गौरतलब है कि सभी सराफ व स्वर्णकार 14 दिन से हड़ताल पर हैं तथा दुकानें बंद होने के कारण ग्राहकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और ग्राहक सोने व चांदी के जेवरात लेने के लिए लगातार बाजारों के चक्कर काट रहे है, लेकिन दुकानें बंद होने के कारण प्रतिदिन ग्राहक मायूस होकर घर वापस जाने पर विवश है। इस मौके पर सुंदर लाल वर्मा सराफ, राजेश वर्मा डिंपी, सत्यनारायण गोयल, राजेश सराफ, प्रवीण मित्तल, अजय सर्राफ, तरसेम सराफ, राजन वर्मा, विनोद वर्मा, नवनीत सिंगला, विपुल बंसल, जितेंद्र चौधरी, विजय बंसल, नीरज सराफ, कृष्ण सराफ, बलवान वर्मा, अशोक सराफ, ईश्वर वर्मा, सुशील सराफ, राकेश सराफ, नरेश वर्मा धनौरी सहित सभी सराफ व स्वर्णकार मौजूद थे।