Registration time for ITI admission extended till October 4
- फोटो : Kaithal
आईटीआई में दाखिले के लिए पंजीकरण करवाने का समय तो चार अक्तूबर तक बढ़ा दिया गया है, लेकिन अभी तक दाखिले से संबंधित आगामी अनुसूची जारी नहीं हो पाई है। ऐसे में विद्यार्थियों को अब भी अनुसूची का इंतजार है।
हालांकि पहले पंजीकरण के लिए 30 सितंबर तक का समय आवेदकों को दिया गया था, लेकिन प्रदेश के शिक्षण संस्थानों में निर्धारित सीटों के अनुसार आवेदन प्राप्त नहीं हो पाए। ऐसे में अब पंजीकरण के समय को बढ़ाया गया है। जो विद्यार्थी आवेदन करने से वंचित रह गए हैं, वे अब आवेदन कर सकेंगे। प्राप्त जानकारी के अनुसार 30 सितंबर तक विभाग के पास करीब 65 हजार आवेदन आए हैं, जबकि सीटें 80 हजार से अधिक हैं।
कैथल जिले में 9 राजकीय और 10 निजी आईटीआई हैं। इनमें से सर्वाधिक सीट व दाखिले कैथल की राजकीय आईटीआई में होते हैं। राजकीय आईटीआई कैथल में 30 सितंबर को दोपहर तक 9020 और महिला आईटीआई कैथल मेें 710 आवेदन आए हैं। राजकीय आईटीआई में दाखिला लेने के लिए महिलाओं की कोई भी आवेदन फीस नहीं रखी गई है। इसके साथ ही 22 विशेष इंजीनियरिंग कोर्सों में दाखिला लेने पर 500 रुपये प्रतिमाह वजीफा भी दिया जाएगा। इसके साथ ही महिला अभ्यर्थियों को 1000 रुपये टूल किट के लिए भी दिए जाते हैं।
सभी कोर्सों में महिलाओं व युवतियों के लिए सीट आरक्षित की गई हैं। राजकीय आईटीआई कैथल और महिला कैथल ने पांच कोर्सों का प्रशिक्षण करवाया गया है। इसके तहत इन कोर्सों में दाखिला लेने वाले विद्यार्थियों को प्रतिष्ठित प्रतिष्ठानों में प्रैक्टिकल करवाया जाएगा ताकि कोर्स पूरा करने पर विद्यार्थियों को आसानी से नौकरी हासिल हो सके।
आईटीआई के जिला नोडल अधिकारी सतीश मच्छाल ने बताया कि विद्यार्थियों के लिए आवेदन का समय 4 अक्तूबर तक बढ़ाया गया है। विद्यार्थी जल्द से जल्द आवेदन करें, ताकि उन्हें आसानी से दाखिला मिल सके।