Possession removed from illegal colony being built in 6 acres of land in the city
- फोटो : Kaithal
कैथल। जिला नगर योजनाकार की टीम ने भगत सिंह कॉलोनी के पीछे ग्योंग रोड पर करीब छह एकड़ भूमि में विकसित हो रही अवैध कॉलोनी से कब्जा हटवाया गया। पट्टी कायस्थ सेठ में पनप रही इस अवैध कॉलोनी में बनी मिट्टी की सड़कों और तीन डीपीसी को जेसीबी की मदद से हटाया गया। इस मौके पर तहसीलदार सुदेश मेहरा बतौर ड्यूटी मजिस्ट्रेट तैनात रहीं।
जिला नगर योजनाकार अनिल कुमार नरवाल ने बताया कि बिना विभागीय अनुमति के मिट्टी की कच्ची सड़कें बनाकर व नींव भरकर इस भूमि पर अवैध कॉलोनी विकसित करने का मामला उनके संज्ञान में आया था। इसके बाद भूस्वामी और प्रॉपर्टी डीलरों को नोटिस जारी करके अनुमति प्राप्त करने के बारे में आदेश दिए गए। इसके बावजूद यहां पर काम नहीं रोका गया। इसके अलावा अनुमति के लिए आवेदन भी नहीं किया गया। इसके बाद अवैध कॉलोनी में प्लाटों की रजिस्ट्री न करने के बारे में संबंधित तहसीलदारों को सूचना भिजवा दी गई। उन्होंने आम लोगों को आगाह किया कि वे सस्ते प्लाटों के चक्कर में प्रापर्टी डीलरों के बहकावे में आकर अपनी खून पसीने की कमाई अवैध कॉलोनियों में प्लाट खरीदकर बर्बाद न करें। उन्होंने बताया कि आगे भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।