पूंडरी क्षेत्र में गांव दुसैन के पास चालक को गोली मारकर पिकअप गाड़ी लूटने के मामले में पुलिस ने अभी तक एक ही आरोपी को गिरफ्तार कर पाई है। आरोपी की पहचान 25 वर्षीय संजू के रूप में हुई, जो टोहाना का रहने वाला है। वारदात में शामिल टोहाना निवासी दो आरोपी बिट्टू व नीलू को पुलिस अभी गिरफ्तार नहीं कर पाई है। नीलू लूट की घटना का मास्टर माइंड है और पुलिस के मुताबिक उसी ने चालक पर गोली चलाई थी, वह अभी पकड़ा नहीं गया है। आरोपियों ने पहले पिकअप गाड़ी में बैठे चालक गांव डुलियाणी निवासी सुरेश को गाड़ी में ही कनपटी पर बंदूक रखकर वहीं गोली मारने का प्रयास किया था। जब गोली नहीं चली तो सुरेश पिकअप गाड़ी को छोड़कर खेत में भागने लगा। बाद में नीलू ने भाग रहे सुरेश की पीठ पर गोली मार दी थी।
सीआईए-1 थाना में डीएसपी विवेक चौधरी ने प्रेस वार्ता की व मामले का खुलासा किया। 15 सितंबर को गांव डुलयाणी निवासी पिकअप चालक 50 वर्षीय सुरेश की अज्ञात आरोपियों ने गांव दुसैन के पास गोली मारकर हत्या कर दी थी। आरोपी उसकी गाड़ी को भी लूटकर ले गए थे। इस संबंध में पुलिस ने सुरेश के बेटे सुमित की शिकायत पर पूंडरी थाना में केस दर्ज किया था।
डीएसपी ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज की बैक ट्रेकिंग से गाड़ी का रूट ट्रेस किया गया और सुरेश के मोबाइल से डिटेल को खंगाला गया तो आरोपियों के नंबर सामने आए और उनके बारे में जानकारी मिली। पुलिस आरोपियों की तलाश में टोहाना गई, जहां आरोपी संजू लूटी गई गाड़ी में ही बैठा मिला। गाड़ी पर सुरेश का मोबाइल नंबर लिखा हुआ था, जबकि गाड़ी का नंबर उस पर नहीं था। उन्होंने बताया कि आरोपी आगे गाड़ी को बेचने वाले थे या कोई और वारदात करने वाले थे, यह पूछताछ में पता चल पाएगा।
डीएसपी ने बताया कि तीनों आरोपी पिकअप चालक को किसी का सामान ढोने की बात कहकर किराये पर लेकर गए थे। बाद में रास्ता पूछने के बहाने सुनसान सड़क पर गाड़ी रुकवा ली थी। वहीं आरोपियों ने वारदात को अंजाम दिया। उन्होंने बताया कि इससे पहले तीनों आरोपी करनाल भी गए। वहां शायद घटना को अंजाम नहीं दे पाए तो उन्होंने बस के जरिये पूंडरी आकर लूट व हत्या की।
उन्होंने बताया कि पकड़ा गया आरोपी स्नातक तक पढ़ा लिखा है। तीनों आरोपियों की उम्र 25 वर्ष के करीब बताई जा रही है। आरोपी संजू पकड़ा जा चुका है। बिट्टू और नीलू की तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।